Cockroach Janta Party के फाउंडर अभिजीत दीपके कौन हैं? AAP से भी जुड़ चुका है नाम
Cockroach Janta Party: सोशल मीडिया पर वायरल कॉकरोच जनता पार्टी युवाओं के मुद्दों को व्यंग्य के जरिए उठा रही है। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके चर्चा में हैं।
Cockroach Janta Party
Cockroach Janta Party: इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP को लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं। इंस्टाग्राम पर इस पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या 1 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि यह कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं है और न ही भारत निर्वाचन आयोग में रजिस्टर्ड है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।
दरअसल, इस पार्टी का नाम तब सुर्खियों में आया जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी को लेकर इंटरनेट पर मीम्स और चर्चाओं का दौर शुरू हुआ। हालांकि बाद में सीजेआई ने स्पष्ट किया कि उनकी बात को मीडिया में गलत तरीके से पेश किया गया। लेकिन इसी बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी।
कौन हैं कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ऑनलाइन पार्टी की शुरुआत पुणे निवासी अभिजीत दीपके ( Abhijeet Dipke) ने की है। पार्टी की वेबसाइट पर इसे ‘युवाओं की, युवाओं द्वारा और युवाओं के लिए पार्टी’ बताया गया है। वहीं इसका नारा ‘धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक, आलसी’ रखा गया है, जो लोगों का ध्यान तेजी से खींच रहा है। अभिजीत दीपके ने पुणे से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद वे अमेरिका चले गए, जहां उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया।
खबरों के अनुसार, साल 2020 से 2023 के बीच वे आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया और चुनावी कैंपेन से भी जुड़े रहे। खासकर 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान मीम्स आधारित डिजिटल कैंपेनिंग में उनकी अहम भूमिका बताई जाती है। हालांकि बाद में उन्होंने राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बना ली और विदेश चले गए।
मजाकिया अंदाज में उठाए जा रहे गंभीर मुद्दे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP Latest News) भले ही व्यंग्य और मीम्स के जरिए लोकप्रिय हुई हो, लेकिन इसके जरिए कई गंभीर मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। पार्टी के सोशल मीडिया पोस्ट में मजाकिया अंदाज में कहा गया है कि सदस्य बनने के लिए व्यक्ति का ‘हर समय ऑनलाइन रहने वाला, बेरोजगार, पेशेवर रूप से भड़ास निकालने वाला और आलसी’ होना जरूरी है।
हालांकि इसी हास्य के बीच पार्टी युवाओं की बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, राजनीतिक पारदर्शिता और युवाओं के प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर भी बात कर रही है। पार्टी ने दावा किया है कि जल्द ही Gen Z युवाओं के लिए एक वर्चुअल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें शासन और नीतियों पर चर्चा होगी।
घोषणापत्र में क्या हैं मांगें? (CJP Demands)
ऑनलाइन जारी किए गए पार्टी के घोषणापत्र में कई बड़े मुद्दों को शामिल किया गया है। इनमें मुख्य न्यायाधीश को रिटायरमेंट के बाद राजनीतिक पद न दिए जाने की मांग, महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, मीडिया की स्वतंत्रता और दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक प्रतिबंध लगाने जैसी बातें शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर बंटी हुई है राय
कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party News) को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स की राय अलग-अलग है। कुछ लोग इसे केवल मीम पॉलिटिक्स और इंटरनेट ट्रेंड मान रहे हैं। वहीं कई यूजर्स का कहना है कि पहली बार कोई मंच युवाओं की भाषा में उनकी समस्याओं और चिंताओं को सामने ला रहा है। यही वजह है कि यह पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में बनी हुई है।