Congress President Election: PM मोदी ने खड़गे को दी जीत की बधाई, कहा- फलदायी हो आगे का कार्यकाल

Congress President Election: इस जीत के साथ ही खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले दूसरे दलित नेता बन गए हैं। उनसे पहले जगजीवन राम कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले पहले दलित नेता थे।;

Written By :  Anshuman Tiwari
facebook icontwitter icon
Update:2022-10-19 17:45 IST
Mallikarjun Kharge

Mallikarjun Kharge and PM Modi (Social Media)

  • whatsapp icon

Congress President Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, 'मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी के लिए मेरी शुभकामनाएं। उनका आगे का कार्यकाल फलदायी हो।' इससे पहले कांग्रेस पार्टी सहित अन्य दलों के नेताओं ने भी खड़गे को शुभकामनाएं दी। सोनिया और प्रियंका गांधी ने खड़गे के घर पहुंच भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए छठी बार हुए चुनाव में उम्मीद के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे ने बाजी मार ली है। खड़गे ने काफी आसानी से अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार शशि थरूर को हराने में कामयाबी हासिल की। खड़गे की जीत पहले से ही तय मानी जा रही थी क्योंकि जानकारों के मुताबिक उन्हें गांधी परिवार का समर्थन हासिल था। इसी कारण पार्टी के कद्दावर नेता भी उन्हीं का समर्थन कर रहे थे। चुनाव से पहले ही उन्हें 90 फ़ीसदी वोट हासिल होने की उम्मीद जताई जा रही थी।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, 'मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी के लिए मेरी शुभकामनाएं। उनका आगे का कार्यकाल फलदायी हो।'

इस जीत के साथ ही खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले दूसरे दलित नेता बन गए हैं। उनसे पहले जगजीवन राम कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले पहले दलित नेता थे। खड़गे के अध्यक्ष बनने के बाद अब सबकी निगाहें पार्टी में होने वाले बदलावों पर टिकी हुई हैं। हालांकि खड़गे ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें पार्टी चलाने के लिए गांधी परिवार की सलाह लेने में तनिक भी शर्म महसूस नहीं होगी। ऐसे में माना जा रहा है कि खड़गे पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मसलों पर सोनिया और राहुल से चर्चा के बाद ही कोई फैसला लेंगे।

सोनिया-प्रियंका ने घर पहुंच खड़गे को दी बधाई

सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पहुंचकर उन्हें जीत की बधाई दी। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी सोनिया गांधी के साथ खड़गे से मिलने पहुंचीं। 

प्रियंका गांधी ने खड़गे को दी जीत की बधाई

प्रियंका गांधी वाड्रा ने खड़गे को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष बनने पर खड़गे जी को हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि राजनीतिक जीवन का आपका जमीनी अनुभव भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती देगा। आपके नेतृत्व में संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।'

24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष

आजादी के बाद 75 साल के इतिहास में करीब 42 साल तक कांग्रेस का अध्यक्ष पद गांधी परिवार के पास ही रहा है। करीब 33 साल तक पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी गांधी परिवार से बाहर के लोगों ने संभाली है।1998 के बाद पहली बार गांधी परिवार से बाहर के किसी नेता को अध्यक्ष बनने का मौका मिला है। पार्टी में इससे पूर्व 2000 में आखिरी बार वोटिंग के जरिए अध्यक्ष पद का फैसला हुआ था। उस चुनाव में सोनिया गांधी के सामने जितेंद्र प्रसाद चुनाव मैदान में उतरे थे।

सोनिया गांधी के खिलाफ ताल ठोकने वाले जितेंद्र प्रसाद को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। सोनिया गांधी को 7448 वोट हासिल हुए थे जबकि जितेंद्र प्रसाद सिर्फ 94 वोटों पर सिमट गए थे। सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद गांधी परिवार को पार्टी में कभी कोई चुनौती नहीं मिली। इस बार भी पार्टी के अधिकांश नेता राहुल गांधी को ही अध्यक्ष बनाना चाहते थे मगर राहुल गांधी किसी भी सूरत में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने को तैयार नहीं थे। उनके इनकार के बाद कराए गए चुनाव में अब खड़गे ने बाजी मार ली है।

गांधी परिवार की सलाह पर होंगे फैसले

खड़गे के अध्यक्ष बनने के बाद भी माना जा रहा है कि कांग्रेस गांधी परिवार की छाया से मुक्त नहीं हो सकेगी। भाजपा की ओर से पहले ही आरोप लगाया जाता रहा है की भले ही पार्टी का अध्यक्ष कोई दूसरा बन जाए मगर रिमोट कंट्रोल गांधी परिवार के हाथों में ही रहेगा। खड़गे ने भी पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मसलों पर गांधी परिवार से सलाह लेने में कोई शर्म महसूस नहीं होगी। उनका कहना है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने लंबे समय तक पार्टी को सशक्त नेतृत्व दिया है।

बड़े पद की जिम्मेदारी के लिए अभी सीखना होगा

इन दोनों नेताओं से पहले भी नेहरू-गांधी परिवार ने पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सिर्फ कांग्रेस के चुनाव हार जाने से इस परिवार के योगदान को खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सोनिया और राहुल को पूरे देश में पार्टी की स्थिति के बारे में मुकम्मल जानकारी है।

उन्हें इस बात की बखूबी जानकारी है कि देश के किस हिस्से में कौन नेता पार्टी को मजबूत बनाने में क्या भूमिका निभा सकता है। मुझे इस बड़े पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए अभी बहुत कुछ सीखना होगा। इसलिए मैं गांधी परिवार की मदद से इस बड़े पद की जिम्मेदारी निभाऊंगा। खड़गे के इस बयान से साफ है कि पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मसलों पर अभी भी गांधी परिवार का दखल बना रहेगा।

अब सलाहकार की भूमिका में होंगी सोनिया

जानकार सूत्रों का कहना है कि खड़गे के अध्यक्ष बनने के बाद अब सोनिया गांधी सलाहकार की भूमिका में दिख सकती हैं। उदयपुर में हुए पार्टी के चिंतन शिविर के दौरान भी पार्टी में एक सलाहकार समूह बनाने की बात कही गई थी। कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य ही सलाहकार समूह में शामिल किए जाएंगे। देश से जुड़े महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों और पार्टी की चुनौतियों के संबंध में सलाहकार समूह के सदस्य नियमित तौर पर चर्चा करेंगे।

पार्टी के नए अध्यक्ष खड़गे भी हमेशा उदयपुर चिंतन शिविर में लिए गए फैसलों को लागू करने की बात कहते रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सोनिया गांधी अब पार्टी में प्रमुख सलाहकार की भूमिका में दिख सकती हैं। देश और पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर खड़गे समय-समय पर उनकी सलाह से ही फैसले लेंगे।

Tags:    

Similar News