UP Weather News: दिल्ली में मेहरबान हुआ मौसम, अब यूपी की बारी; कल से मानसून देगा दस्तक
UP Weather News: दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ली। IMD ने तेज आंधी, बारिश और 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम के कारण उड़ानों पर भी असर पड़ा है।
UP Weather News: दिल्ली में मौसम ने सोमवार को अचानक करवट ले ली। तेज धूल भरी आंधी और बारिश के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तेज आंधी और बारिश को लेकर IMD का रेड अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर के समय पालम इलाके में हवा की रफ्तार करीब 92 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी ने कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
कई इलाकों में हुई हल्की बारिश
सोमवार सुबह राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। पालम क्षेत्र में 1.3 मिमी और आयानगर में 0.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि लोधी रोड इलाके में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने पहले ही दक्षिण-पूर्व, पूर्व, मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और नई दिल्ली समेत कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी।
सामान्य से ऊपर रहा तापमान
हल्की बारिश के बावजूद दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। वहीं, पालम में 25.4 डिग्री, लोधी रोड में 26 डिग्री और आयानगर में 26.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
खराब मौसम के कारण उड़ानों पर असर
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। इंडिगो और स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं के कारण उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में देरी हो सकती है। एयरलाइंस ने यात्रियों से उड़ान की स्थिति की जानकारी लेते रहने की अपील की है।
मानसून से पहले तैयारियों की समीक्षा
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने मानसून से पहले कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभागों की तैयारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि 2023 जैसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
IMD ने यूपी के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने 15 जून को जारी अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि 16 जून से 17 जून तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। पहले दिन पश्चिमी और दक्षिणी यूपी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है, जबकि कुछ जिलों के लिए आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।