543 से 816 हुई लोकसभा की सीटें तो हर साल कितना बढ़ेगा खर्च? सांसदों की सैलरी से लेकर सिक्योरिटी तक, समझिए पूरा गणित
लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 816 होने पर 273 नए सांसद जुड़ेंगे। जानिए सांसदों की सैलरी, भत्ते, दैनिक खर्च और सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार को कितना अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।
MPs Salary Expenses: केंद्र सरकार डिलिमिटेशन बिल लाने जा रही है। अगर यह बिल संसद के दोनों ही सदनों में पास हो जाता है तो फिर लोकसभा में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 816 हो जाएगी। ऐसे में एक बड़ा सवाल यह है कि अगर लोकसभा में सांसदों की संख्या 543 से बढ़कर 816 हो जाती है तो सरकार के खजाने पर इसका कितना अतिरिक्त बोझ पड़ेगा? क्या सिर्फ सांसदों की सैलरी बढ़ने से खर्च बढ़ेगा या इसके साथ कई दूसरी सुविधाओं और योजनाओं का बजट भी बढ़ाना पड़ेगा? आम नागरिकों के मन में यही सवाल है कि सांसदों की संख्या बढ़ने पर हर साल कितने का अतिरिक्त खर्च बढ़ जाएगा।
इसका जवाब जानने के लिए सांसदों की मौजूदा सैलरी, निर्वाचन क्षेत्र भत्ता, कार्यालय खर्च, दैनिक भत्ता, यात्रा सुविधाओं और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) को समझना जरूरी है। इन सभी खर्चों को जोड़ने पर पता चलता है कि लोकसभा में 273 अतिरिक्त सांसद आने से केंद्र सरकार के खर्च में काफी बढ़ोतरी हो सकती है।
एक सांसद को हर महीने कितनी सैलरी और भत्ते मिलते हैं?
किसी भी सांसद पर होने वाले सरकारी खर्च का सबसे अहम हिस्सा उसकी सैलरी और भत्ते हैं। संसद की आधिकारिक वेबसाइट और सांसदों के वेतन-भत्तों से संबंधित सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक, 1 अप्रैल 2023 से सांसदों के वेतन और भत्तों में संशोधन किया गया था। प्रधानमंत्री कार्यालय और प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सांसदों के वेतन और भत्तों की संशोधित दरें इस प्रकार हैं।
एक सांसद को हर महीने 1 लाख 24 हजार रुपये मूल वेतन मिलता है। इसके अलावा अपने निर्वाचन क्षेत्र में कामकाज के लिए 87 हजार रुपये निर्वाचन क्षेत्र भत्ता दिया जाता है। वहीं, कार्यालय खर्च के लिए 75 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित हैं। इसमें 50 हजार रुपये कंप्यूटर जानकार सहायक की सेवाओं के लिए और 25 हजार रुपये स्टेशनरी, डाक तथा अन्य कार्यालय संबंधी खर्चों के लिए हैं।
इस तरह एक सांसद को हर महीने वेतन और इन दोनों भत्तों के रूप में कुल 2 लाख 86 हजार रुपये मिलते हैं। इस गिनती में दैनिक भत्ता शामिल नहीं है। संसद के सत्र या अन्य निर्धारित संसदीय कार्यों के दौरान पात्र दिनों के लिए सांसदों को प्रतिदिन 2,500 रुपये दैनिक भत्ता भी मिलता है।
273 नए सांसद आए तो सिर्फ सैलरी पर कितना खर्च होगा?
अब मौजूदा सदस्य संख्या और प्रस्तावित सदस्य संख्या के आधार पर इसकी गिनती करते हैं। फिलहाल लोकसभा में 543 सीटें हैं। अगर यह संख्या बढ़कर 816 हो जाती है तो 273 नए सांसद जुड़ेंगे। प्रत्येक नए सांसद पर हर महीने वेतन और दो प्रमुख भत्तों के रूप में 2.86 लाख रुपये खर्च होंगे। 273 सांसदों के हिसाब से अगर इसका आंकड़ा निकालें तो हर महीने 7.81 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्चा आएगा। अगर पूरे साल भर का हिसाब निकालें तो करीब 93.69 करोड़ रुपये की राशि सामने आती है। यानी केवल 273 अतिरिक्त सांसदों के वेतन, निर्वाचन क्षेत्र भत्ते और कार्यालय खर्च पर केंद्र सरकार को मौजूदा दरों के आधार पर हर साल लगभग 93.69 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।
दैनिक भत्ते से भी बढ़ेगा सरकारी खर्च
सांसदों को मिलने वाला दैनिक भत्ता भी सरकारी खर्च का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकारी नियमों के अनुसार, संसद की कार्यवाही और निर्धारित संसदीय कार्यों में शामिल होने के पात्र दिनों के लिए सांसद को प्रतिदिन 2,500 रुपये दिए जाते हैं।
अगर 850 सदस्यों वाली लोकसभा में 273 अतिरिक्त सांसद जुड़ते हैं और उदाहरण के तौर पर प्रत्येक सांसद को एक साल में 60 पात्र दिनों का दैनिक भत्ता मिलता है तो फिर इस आधार पर सालाना करीब 4.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। यहां 60 दिन केवल समझाने के लिए लिया गया उदाहरण है। वास्तविक खर्च इस चीज पर डिपेंड करेगा कि संसद सत्र कितने दिन चलता है और सांसद उसमें कितना दिन आते हैं और कितने दिन के दैनिक भत्ते के लिए वह पात्र होतेहैं।
आवास, बिजली, पानी और यात्रा पर भी बढ़ेगा खर्च
सांसदों को सिर्फ वेतन और निर्वाचन क्षेत्र भत्ता ही नहीं मिलता। उन्हें दिल्ली में रहने के लिए सरकारी आवास या निर्धारित आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके साथ बिजली, पानी, टेलीफोन और इंटरनेट जैसी सुविधाओं से संबंधित नियम भी लागू होते हैं।
इसके अलावा संसद के सत्रों में शामिल होने और संसदीय समितियों की बैठकों में हिस्सा लेने के लिए सांसदों को यात्रा संबंधी सुविधाएं भी दी जाती हैं। नियमों के तहत पात्र यात्राओं के लिए रेल और हवाई यात्रा की सुविधा तथा निर्धारित शर्तों के अनुसार सड़क यात्रा भत्ता मिलता है।
अगर लोकसभा में 273 अतिरिक्त सांसद जुड़ते हैं तो आवासीय सुविधाओं, परिवहन, टेलीफोन, इंटरनेट और अन्य व्यवस्थाओं की जरूरत भी बढ़ सकती है। हालांकि, इन सुविधाओं पर होने वाले अतिरिक्त खर्च का सटीक आंकड़ा निकालना फिलहाल संभव नहीं है। इसकी वजह यह है कि सभी सांसदों को एक जैसी आवासीय व्यवस्था नहीं मिलती और यात्रा पर होने वाला खर्च भी उनकी वास्तविक यात्राओं पर निर्भर करता है।
इसके अलावा सांसदों के कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों, संसदीय सचिवालय की प्रशासनिक व्यवस्था और अन्य सेवाओं पर भी अतिरिक्त खर्च हो सकता है।
नए सांसदों की सिक्योरिटी में कितना खर्च आएगा?
सांसदों को वीआईपी सिक्योरिटी भी मिलती है और उसमें भी काफी खर्चा आता है। जेड प्लस सिक्योरिटी में 50 से ज्यादा सुरक्षागार्ड होते हैं। हालांकि हम यहां पर X सिक्योरिटी के हिसाब से गणना करते हैं, जिसके तहत एक सांसद को दो सुरक्षागार्ड मिलते हैं। जिसमें 5-7 लाख रुपए प्रति महीने का खर्चा आता है। अगर सांसद बढ़ते हैं तो फिर उनकी सिक्योरिटी का खर्चा भी बढ़ेगा। अगर हम पांच लाख के हिसाब से 273 सांसदों के लिए गणना करें तो हर महीने 13 करोड़ 65 लाख का अतिरिक्त खर्च आएगा। वहीं सालाना 1.63 करोड़ से ज्यादा का वित्तीय बोझ बढ़ेगा।
क्या नए संसद भवन में 816 सांसदों के बैठने की जगह है?
लोकसभा की संख्या बढ़ने पर संसद भवन की बैठने की क्षमता को लेकर भी सवाल उठता है। हालांकि, इस मामले में एक राहत की बात यह है कि नया संसद भवन भविष्य में सदस्यों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
PIB के मुताबिक, नए संसद भवन के लोकसभा में 888 सांसदों के बैठने की क्षमता है। वहीं, राज्यसभा में 384 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था है। संयुक्त सत्र के लिए 1,272 सदस्यों के बैठने की क्षमता बताई गई है। इसलिए अगर सांसदों की संख्या में बढ़ोत्तरी होती है तो फिर उनके लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था है। 816 सांसदों के बैठने के बाद भी कई सीटें खाली रह जाएंगी।
तो कुल कितना बढ़ सकता है सरकारी खर्च?
अब तक सामने आए आंकड़ों के आधार पर 816 सदस्यों वाली लोकसभा की स्थिति में अतिरिक्त खर्च का एक मोटा अनुमान लगाया जा सकता है। लोकसभा में 273 नए सांसदों के वेतन और भत्तों पर करीब 93.66 करोड़ रुपये, 60 दिनों के दैनिक भत्ते के लिए 4.10 करोड़ रुपये और सिक्योरिटी के लिए 1.63 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। इस तरह इन तीन मदों का कुल अनुमान करीब 250 करोड़ रुपये सालाना से ज्यादा हो सकता है। हालांकि यह सरकार की ओर से घोषित अंतिम बजट या परिसीमन की आधिकारिक लागत नहीं है। इसमें आवास, सुरक्षा, यात्रा, कर्मचारियों, संसद सचिवालय और दूसरी सुविधाओं के खर्च शामिल नहीं हैं। इसलिए वास्तविक वित्तीय बोझ इससे अधिक हो सकता है।
निष्कर्ष: 816 सीटों की स्थिति में खर्च का दायरा और बढ़ेगा
लोकसभा की सदस्य संख्या 543 से बढ़कर 816 होने पर संसद में प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार को सांसदों के वेतन, भत्तों, विकास निधि और दूसरी सुविधाओं के लिए भी अधिक संसाधन जुटाने पड़ सकते हैं। गणना के हिसाब से 250 करोड़ से ज्यादा का खर्चा आएगा लेकिन वास्तविक खर्चा कहीं ज्यादा हो सकता है।