राहुल गांधी के मनाने पर भी नहीं माने स्टालिन, परिसीमन बिल पर मोदी सरकार के साथ खड़ी हुई DMK; इंडिया ब्लॉक को बड़ा झटका

DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। राहुल गांधी, सोनिया गांधी और खड़गे की 70 मिनट की बैठक के बाद भी पार्टी का रुख नहीं बदला

Update:2026-11-29 19:17 IST

Image Source – Social Media

DMK Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन में दरार और गहरी हो गई है। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद भी अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया है। उन्होंने इस बिल को लेकर केंद्र सरकार का साथ देने का ऐलान किया है। रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने चेन्नई पहुंचकर स्टालिन को मनाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मुलाकात के बाद भी DMK के रुख में बदलाव नहीं आया है।

एक घंटे से ज्यादा चली बातचीत

करीब 70 मिनट तक चली बातचीत के बाद भी स्टालिन ने अपना रुख नहीं बदला। उन्होंने साफ किया कि DMK निष्पक्ष परिसीमन की मांग पर कायम है और इसी आधार पर केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करेगी। डीएमके प्रमुख स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी के पास इस बिल को सपोर्ट करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो फिर तमिलनाडु को मिला प्रोटेक्शन खत्म हो जाएगा।

बिल गिरा तो 2027 में तमिलनाडु को हो सकता है नुकसान: स्टालिन

स्टालिन ने परिसीमन बिल के समर्थन की वजह बताते हुए कहा कि अगर यह बिल गिर जाता है तो तमिलनाडु को मिलने वाला संसदीय प्रतिनिधित्व भी कम हो सकता है। उन्हें आशंका है कि 2027 में होने वाले परिसीमन के दौरान राज्यों की हिस्सेदारी में होने वाली कमी को रोकना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगले 25 सालों तक तमिलनाडु के अधिकारों और राज्य की हिस्सेदारी की रक्षा करना जरूरी है। इसी वजह से DMK ने यह फैसला लिया है। पार्टी का तर्क है कि संशोधित प्रस्ताव में उसकी प्रमुख मांगों को जगह दी गई है।

DMK की ये दो मांगें मानी गईं

परिसीमन को लेकर DMK की सबसे बड़ी चिंता दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व में संभावित कमी को लेकर थी। पार्टी ने केंद्र सरकार के सामने दो प्रमुख मांगें रखी थीं।

तमिलनाडु की हिस्सेदारी सुरक्षित रहे: लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए।

25 साल तक पुराना अनुपात बरकरार रहे: राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाए।

DMK का कहना है कि इन मांगों को स्वीकार किए जाने के बाद ही पार्टी ने संशोधित परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने का निर्णय लिया है।

राहुल-सोनिया और खड़गे की कोशिश नहीं आई काम

दरअसल, कांग्रेस परिसीमन बिल के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटी है। पार्टी को आशंका है कि परिसीमन के जरिए लोकसभा की सीटों का नया बंटवारा दक्षिण भारतीय राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर सकता है। इसी को लेकर राहुल गांधी ने DMK प्रमुख स्टालिन से बिल का विरोध करने की अपील की थी। इसी वजह से स्टालिन को मनाने के लिए राहुल गांधी समेत दिग्गज कांग्रेसी नेता चेन्नई भी पहुंच गए। इस दौरान उनकी स्टालिन से मुलाकात हुआ और एक घंटे से ज्यादा देर तक बातचीत चली। इसके बावजूद स्टालिन का फैसला नहीं बदला।

यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका कहा जा सकता है। कांग्रेस एक तरफ पूरे इंडिया ब्लॉक को एकजुट करने में लगा है लेकिन दूसरी तरफ स्टालिन ने केंद्र सरकार के बिल को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।

Tags:    

Similar News