राहुल गांधी पर PM मोदी का तंज! बोले- नाराज 'फूफा' बने घूमते हैं, इस सिंगर के गाने सुनने की दी सलाह

पीएम नरेंद्र मोदी ने भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने देश की उपलब्धियों पर असंतुष्ट लोगों को 'नाराज फूफा' बताते हुए भूपेन दा के गीत सुनने की सलाह दी।

Update:2026-11-29 21:59 IST

Image Source – AI 

PM Modi on Rahul Gandhi: केंद्र सरकार के परिसीमन बिल के विरोध के लिए कांग्रेस नेता विपक्षी पार्टियों को मनाने में लगे हैं। इसी कड़ी में राहुल गांधी समेत दिग्गज कांग्रेसी नेताओं ने रविवार को चेन्नई में एमके स्टालिन और मुंबई में शरद पवार से मुलाकात की। इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाम लिए बगैर राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश की उपलब्धियों पर खुश नहीं हैं और ‘नाराज फूफा’ बनकर घूमते रहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को ऐसे लोगों को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए, शायद उन्हें सद्बुद्धि आ जाए। पीएम मोदी ने यह टिप्पणी दिल्ली में महान गायक और संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में की।

पीएम मोदी ने विपक्ष को बताया 'नाराज फूफा'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विकसित भारत के संकल्प और देश की एकता का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।

पीएम मोदी ने कहा कि सभी भारतीय विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। देश में भाषाएं, खानपान और रहन-सहन अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी का लक्ष्य एक है। हालांकि, कुछ लोगों को यह बात पसंद नहीं आती। वे आपसी मतभेदों के जरिए सत्ता हासिल करने का सपना देखते हैं और भारत को टुकड़ों में देखते हैं।

प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोग देश की उपलब्धियों पर 'नाराज फूफा' बनकर घूमते रहते हैं। उन्होंने कहा, ''मैं कहूंगा कि ऐसे नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए। शायद सद्बुद्धि आ जाए।'' पीएम मोदी के इस बयान को विपक्ष और कांग्रेस पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।

भूपेन हजारिका को बताया सच्चा देशभक्त

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भूपेन दा केवल एक महान गायक और संगीतकार नहीं थे, बल्कि उन्होंने अपने गीतों के जरिए समाज को जोड़ने का काम किया। उनके गीतों में भारत की भावनाओं और देश के सपनों की झलक मिलती है। पीएम मोदी ने कहा कि भूपेन हजारिका आधुनिक सोच रखने वाले कलाकार थे, लेकिन अपनी मिट्टी और संस्कृति से गहराई से जुड़े हुए थे। वह असम के महान सपूत होने के साथ-साथ सच्चे राष्ट्रवादी और देशभक्त भी थे।

ऊषा मंगेशकर को मिला पहला भूपेन हजारिका सम्मान

असम सरकार ने डॉ. भूपेन हजारिका की स्मृति में एक नए सम्मान की शुरुआत की है। इस सम्मान से पहली बार प्रसिद्ध गायिका उषा मंगेशकर को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी का यह समापन समारोह सिर्फ असम और पूर्वोत्तर का आयोजन नहीं है, बल्कि भारतीय कला, संस्कृति और सामूहिक चेतना का उत्सव है।

विपक्षी पार्टियों को मनाने में जुटे हैं राहुल गांधी

केंद्र सरकार के परिसीमन बिल से पहले राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेता विपक्षी पार्टियों को मनाने में जुटे हैं। तमिलनाडु के पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने इस बिल को लेकर केंद्र सरकार को समर्थन का ऐलान किया था। जिसके बाद रविवार को मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत वरिष्ठ नेता उनको मनाने के लिए चेन्नई गई। लेकिन इसके बावजूद स्टालिन ने अपना फैसला नहीं बदला। उन्होंने कहा कि इस बिल को सपोर्ट करने के अलावा उनके पास दूसरा कोई ऑप्शन नहीं है। इसके बाद मुंबई में शरद पवार से भी कांग्रेस नेताओ ने मुलाकात की।

Tags:    

Similar News