परिसीमन पर शरद पवार के फैसले से NCP-SP में बगावत? रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को लिखी चिट्ठी
परिसीमन विधेयक पर शरद पवार के सशर्त समर्थन से NCP-SP में मतभेद सामने आए। रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को चिट्ठी लिखकर सांसदों से बिल के खिलाफ वोट करने की अपील की।
Delimitation Bill: महाराष्ट्र के पवार परिवार और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) में परिसीमन विधेयक को लेकर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। शरद पवार की ओर से केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को सशर्त समर्थन दिए जाने के बाद अब उनके परिवार के सदस्य और पार्टी विधायक रोहित पवार ने इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को दो पन्नों की चिट्ठी लिखकर NCP के सांसदों से संसद में परिसीमन विधेयक के खिलाफ मतदान करने की अपील की है। यह विवाद इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है और विपक्षी INDIA गठबंधन पहले ही इस विधेयक पर एकजुटता बनाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे समय में शरद पवार की पार्टी के भीतर दो अलग-अलग सुर सामने आना विपक्ष की रणनीति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
शरद पवार की बीमारी के बीच रोहित ने उठाए सवाल
रोहित पवार ने अपनी चिट्ठी में शरद पवार की खराब सेहत का जिक्र करते हुए लिखा कि साहब इस समय अस्वस्थ हैं और ऐसी स्थिति में वह किसी बड़े रणनीतिक फैसले की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शरद पवार ने करीब छह दशकों तक फुले, शाहू, आंबेडकर और यशवंतराव चव्हाण की प्रगतिशील विचारधारा को आगे बढ़ाया है।
रोहित के मुताबिक, ऐसे कठिन समय में परिसीमन विधेयक को समर्थन देने की चर्चा ने महाराष्ट्र के प्रगतिशील विचारों वाले लोगों और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को निराश किया है। उन्होंने सुप्रिया सुले से अपील की कि ऐसा कोई फैसला न लिया जाए जिससे शरद पवार की राजनीतिक और वैचारिक विरासत पर सवाल खड़े हों। गौरतलब है कि शरद पवार फिलहाल मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं।
27 नवंबर को समर्थन का ऐलान, अब पार्टी में दो राय
इस पूरे विवाद की जड़ 27 नवंबर का घटनाक्रम है। शरद पवार से मुलाकात के बाद NCP-SP के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने की घोषणा की थी। हालांकि, यह समर्थन एक शर्त के साथ था। पार्टी ने मांग की थी कि लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होनी चाहिए। इस घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में यह संदेश गया कि शरद पवार की पार्टी विपक्षी INDIA गठबंधन से अलग रुख अपना सकती है। अब रोहित पवार की चिट्ठी ने इस फैसले को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद और गहरा कर दिया है। हालांकि, पार्टी के कई सांसदों ने अंतिम फैसला होने से इनकार किया है। रिपोर्टों के मुताबिक, NCP-SP के आठ लोकसभा सांसद 30 नवंबर को सुबह 10 बजे दिल्ली में सुप्रिया सुले के साथ बैठक करेंगे। पार्टी का कहना है कि संसद में उसका अंतिम रुख सदन के भीतर स्पष्ट होगा।
BJP पर लगाया संविधान बदलने की साजिश का आरोप
रोहित पवार ने अपने पत्र में भाजपा की मंशा पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि परिसीमन की आड़ में भाजपा देश की चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक ढांचे को अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक बदलना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन 2011 की जनगणना के पुराने आंकड़ों के आधार पर करने की कोशिश की जा रही है। इससे अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों को उनकी वास्तविक आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलने में परेशानी हो सकती है। इसका असर आने वाले करीब 25 वर्षों तक दिखाई दे सकता है।
रोहित ने सवाल उठाया कि जब नई जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उसके आधार पर संवैधानिक तरीके से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जा सकता है, तो सरकार को इतनी जल्दबाजी क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि इस जल्दबाजी के पीछे भाजपा का राजनीतिक फायदा छिपा है।
ज्ञानेश कुमार और वोट चोरी का भी किया जिक्र
रोहित पवार ने अपने पत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कई राज्यों में चुनाव जीतने के लिए वोट चोरी का सहारा लिया है। उन्होंने असम में परिसीमन के दौरान निर्वाचन क्षेत्रों के नक्शे में कथित हेरफेर यानी जेरिमैंडरिंग (Gerrymandering) का भी उदाहरण दिया। रोहित के मुताबिक, जब चुनावी प्रक्रिया को लेकर पहले से सवाल उठ रहे हैं, तब निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन की जिम्मेदारी भाजपा सरकार के हाथों में छोड़ना उचित नहीं होगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से पूछा कि क्या भाजपा परिसीमन आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी विपक्षी दल के किसी नेता को देने के लिए तैयार है? अगर सरकार की नीयत साफ है तो उसे इस मांग पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने पर भी सवाल
रोहित पवार ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को एक-दूसरे से जोड़ने की भाजपा की रणनीति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि संसद ने 2023 में ही महिला आरक्षण विधेयक पारित कर दिया था और उनकी पार्टी ने भी इसका समर्थन किया था। ऐसे में महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य बताने की जरूरत क्यों पड़ रही है? रोहित का तर्क है कि महिला आरक्षण और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन को अलग-अलग मुद्दों के तौर पर देखा जाना चाहिए।
वहीं, केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयकों के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 816 करने और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का रास्ता तैयार किया जा रहा है। सरकार का प्रस्ताव सभी राज्यों में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का है।
NCP के भीतर BJP समर्थकों पर भी निशाना
रोहित पवार ने अपनी चिट्ठी में पार्टी के भीतर मौजूद कुछ नेताओं पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ सत्ता के लालची लोग भाजपा के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी नेतृत्व पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ नेता अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और सत्ता के लालच में पार्टी की विचारधारा से समझौता कर सकते हैं। रोहित ने सुप्रिया सुले को आगाह किया कि इस पूरे विवाद में उनका चेहरा इस्तेमाल करके पार्टी के फैसले को सही ठहराने की कोशिश हो सकती है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला केवल सांसदों और विधायकों की राय से नहीं होना चाहिए। उन लाखों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और मतदाताओं की भावनाओं का भी सम्मान होना चाहिए, जिन्होंने वर्षों तक शरद पवार की विचारधारा के साथ खड़े होकर पार्टी को मजबूत किया है।
400 पार के नारे से लेकर संविधान बदलने तक का हवाला
रोहित पवार ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के 400 पार के नारे और संविधान बदलने को लेकर दिए गए बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने उस समय भाजपा को करारा जवाब दिया था।
उनके मुताबिक, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर भाजपा की मंशा पर सवाल आज भी कायम हैं। परिसीमन के जरिए अपनी राजनीतिक सुविधा के मुताबिक निर्वाचन क्षेत्रों का गठन करने की कोशिश इसी दिशा में एक कदम हो सकती है।
उन्होंने पार्टी सांसदों और विधायकों से अपील की कि वे किसी दबाव में आए बिना संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में अपना रुख स्पष्ट करें।
30 नवंबर की बैठक पर टिकी निगाहें, INDIA गठबंधन के लिए भी चुनौती
परिसीमन विधेयक पर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू हो रहा है। लोकसभा में 30 नवंबर से चर्चा और विधायी कार्यवाही प्रस्तावित है, जबकि राज्यसभा का विशेष सत्र 2 दिसंबर से शुरू होगा। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी समेत INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने विपक्षी एकजुटता मजबूत करने के लिए एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात की पहल की है।
डीएमके पहले ही परिसीमन प्रस्तावों के खिलाफ अपना रुख जाहिर कर चुकी है, जबकि NCP-SP ने 50 प्रतिशत समान सीट वृद्धि की शर्त पर समर्थन का संकेत दिया है। ऐसे में शरद पवार की पार्टी का रुख विपक्षी रणनीति के लिए बेहद अहम हो गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 30 नवंबर को सुप्रिया सुले पार्टी सांसदों के साथ बैठक के बाद क्या फैसला लेती हैं? क्या वह शरद पवार के नाम पर सामने आए सशर्त समर्थन को बरकरार रखेंगी या रोहित पवार की मांग मानकर विधेयक के खिलाफ मतदान का निर्देश देंगी?
फिलहाल इसे पूरे पवार परिवार की खुली बगावत कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना साफ है कि परिसीमन विधेयक ने NCP-SP के भीतर राजनीतिक और वैचारिक टकराव को सार्वजनिक कर दिया है। शरद पवार की अनुपस्थिति में सुप्रिया सुले के सामने अब पार्टी की एकजुटता, INDIA गठबंधन और अपने राजनीतिक भविष्य के बीच संतुलन बनाने की बड़ी चुनौती है।