E20 पेट्रोल के खिलाफ प्रस्तावित 'गाड़ी मार्च' को पुलिस ने नहीं दी अनुमति; हरदीप सिंह पुरी ने Team Bharat से की बैठक
E20 Protest Team Bharat March: दिल्ली में E20 पेट्रोल के खिलाफ प्रस्तावित 'गाड़ी मार्च, गांधी मार्च' स्थगित हो गया। दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी। इससे पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने Team Bharat के प्रतिनिधियों से 4 घंटे तक बैठक कर उनकी मांगों पर चर्चा की।
E20 Protest Team Bharat March: E20 यानी 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ Team Bharat द्वारा 31 जुलाई को प्रस्तावित 'गाड़ी मार्च, गांधी मार्च' को दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं दी है। फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। राजनीतिक विश्लेषक और Team Bharat के प्रमुख चेहरों में शामिल तहसीन पूनावाला ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया और बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस बीच, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने Team Bharat के प्रतिनिधियों से करीब चार घंटे तक बैठक कर उनकी मांगों पर चर्चा की।
दिल्ली पुलिस ने नहीं दी मार्च की अनुमति
तहसीन पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का फोन आया, जिसमें स्पष्ट रूप से बताया गया कि प्रस्तावित मार्च की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि बिना अनुमति मार्च निकाला गया तो प्रतिभागियों को हिरासत में लिया जा सकता है और वाहनों को भी जब्त किया जा सकता है।
इसके बाद Team Bharat ने किसी भी टकराव से बचने और समर्थकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्च को स्थगित करने का फैसला लिया।
इंडिया गेट से संसद मार्ग तक प्रस्तावित था मार्च
'गाड़ी मार्च, गांधी मार्च' 31 जुलाई को इंडिया गेट से शुरू होकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और हरदीप सिंह पुरी के कार्यालय एवं आवास के पास से गुजरते हुए संसद मार्ग तक पहुंचने वाला था। यह रूट राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख सरकारी इलाकों से होकर गुजरता, जिससे आंदोलन को व्यापक राजनीतिक और सार्वजनिक ध्यान मिलने की संभावना थी।
"लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई जारी रहेगी"
मार्च स्थगित होने के बावजूद तहसीन पूनावाला ने कहा कि E20 नीति के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा। उन्होंने एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम को "सबसे बड़ा घोटाला" बताते हुए कहा कि वे वीडियो जारी करेंगे, मीडिया से बात करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे।
पूनावाला का आरोप है कि हाल ही में उन्हें पुलिस ने कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था और उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी निलंबित कर दिया गया था। उनका कहना है कि सरकार उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
विरोध से पहले हरदीप सिंह पुरी ने बुलाई बैठक
प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने Team Bharat के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बैठक करीब चार घंटे चली, जिसमें पेट्रोलियम, कृषि और उद्योग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में एथेनॉल ब्लेंडिंग नीति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि मंत्री ने Team Bharat से प्रदर्शन पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया, जबकि दिल्ली पुलिस ने भी बातचीत जारी रहने तक मार्च नहीं निकालने का अनुरोध किया।
Team Bharat की प्रमुख मांगें
Team Bharat का कहना है कि वह एथेनॉल ब्लेंडिंग का पूरी तरह विरोध नहीं कर रही, बल्कि नीति के क्रियान्वयन पर सवाल उठा रही है। संगठन की प्रमुख मांगें हैं:
- पुराने वाहनों के लिए E10 पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- आम उपभोक्ताओं के लिए शुद्ध पेट्रोल (E0) उचित कीमत पर उपलब्ध कराया जाए।
- E20 पेट्रोल की कीमत E10 या उससे कम मिश्रण वाले पेट्रोल से कम रखी जाए।
- एथेनॉल ब्लेंडिंग से जुड़े सभी वैज्ञानिक अध्ययन और नीति दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।
ईंधन की गुणवत्ता पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान हरदीप सिंह पुरी ने सुझाव दिया कि कुछ वाहन संबंधी समस्याएं एथेनॉल मिश्रण के बजाय मिलावटी ईंधन की वजह से भी हो सकती हैं। इस पर Team Bharat के प्रतिनिधियों ने सवाल उठाया कि यदि ईंधन में मिलावट है तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी और उपभोक्ताओं को सुरक्षा कैसे मिलेगी।
हालांकि फिलहाल विरोध मार्च स्थगित कर दिया गया है, लेकिन Team Bharat ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर ठोस प्रगति नहीं होती है तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।