शेख,से** और...चैतन्यानंद के ऐसे कांड, भारत से विदेश तक फैला बाबा का साम्राज्य, ऐसे होती थी लड़कियों की डीलिंग
Chaitanyanand scandal exposed: दिल्ली पुलिस ने पाखंडी बाबा चैतन्यानंद का भंडाफोड़ किया। दुबई के शेख से जुड़े सेक्स रैकेट और लड़कियों के शोषण के सबूत सामने आए।
Chaitanyanand scandal exposed: दिल्ली पुलिस की जाँच में पाखंडी बाबा स्वामी चैतन्यानंद उर्फ पार्थ सारथी का हर काला सच बेनकाब होता जा रहा है। हर दिन उसकी करतूतों के नए खुलासे हो रहे हैं। अब पुलिस के हाथ ऐसे चौंकाने वाले डिजिटल सबूत लगे हैं, जिनसे पता चला है कि इस ढोंगी का नेटवर्क सिर्फ देश के भीतर नहीं, बल्कि विदेशों तक फैला था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बाबा अपने संस्थान में पढ़ने वाली लड़कियों को दुबई भेजने की फिराक में था और वह कई अरबी शेखों के साथ सीधा संपर्क में था।
डिजिटल चैट्स में 'दुबई शेख' का जिक्र
गिरफ्तारी के बाद भले ही बाबा पूछताछ में गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन उसके मोबाइल से बरामद व्हाट्सऐप चैट्स ने उसकी असलियत पूरी तरह उजागर कर दी। चैट्स से यह साफ हो गया है कि वह न केवल अपने संस्थान की छात्राओं और महिला अनुयायियों का शोषण करता था, बल्कि खाड़ी देशों में रहने वाले लोगों तक लड़कियाँ सप्लाई करने की योजना बनाता था।
सबसे बड़ा खुलासा: एक चैट में बाबा ने एक छात्रा से सीधे तौर पर पूछा, "दुबई का एक शेख सेक्स पार्टनर चाहता है, क्या तुम्हारी कोई अच्छी दोस्त है?" छात्रा के मना करने पर बाबा ने दबाव बनाते हुए पूछा कि अगर दोस्त न हो तो क्लासमेट या जूनियर में से किसी को भेज दो।
अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन: दिल्ली पुलिस अब उस दुबई के शेख की पहचान में जुट गई है, जिसका नाम इन चैट्स में सामने आया है। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से भी संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि बाबा के मोबाइल से एयरहोस्टेस की कई तस्वीरें और बायोडाटा मिले हैं। शक है कि बाबा एयरहोस्टेस बनने का झांसा देकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था।
हनीट्रैप और लग्जरी शोषण का साम्राज्य
बाबा चैतन्यानंद का आश्रम और उसका निजी कमरा पाखंड और अय्याशी का केंद्र था। जाँच में सामने आया कि वह लड़कियों को मानसिक रूप से बहलाने और उनका भरोसा जीतने के लिए कई चालें चलता था:
हनीट्रैप की कोशिश: चैट्स से पता चला है कि वह लड़कियों को हनीट्रैप में फंसाने की कोशिश करता था। वह एक छात्रा से किसी लड़के को गले लगाकर फोटो भेजने को कहता था और इसके लिए पैसों का लालच भी देता था।
लग्जरी कमरा और गिफ्ट: उसका कमरा किसी लग्जरी सूट से कम नहीं था, जहाँ वह लड़कियों को बुलाता था। वह गहने, घड़ियाँ और महंगे चश्मे देकर लड़कियों का भरोसा जीतता था। चैट्स में वह लड़कियों को 'बेबी', 'डॉटर डॉल' और 'स्वीटी' जैसे संबोधनों से बहलाता था।
जासूस बाबा: एक अन्य चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि बाबा ने अपने मोबाइल में HIK Vision ऐप डाउनलोड कर रखा था, जिससे वह आश्रम के सभी सीसीटीवी कैमरों को सीधे अपने मोबाइल पर देख सकता था। इसी निगरानी का फायदा उठाकर वह मौका पाकर लड़कियों को अपने कमरे में बुलाता था।
सह-अपराधी डीन और वार्डन बहनें
तीन सगी बहनों रश्मि, काजल और श्वेता से पूछताछ में भी यह साफ हुआ कि वे बाबा के कारनामों में शामिल थीं। इनमें से श्वेता इंस्टीट्यूट की डीन थी, जबकि बाकी दोनों बहनें वार्डन के रूप में बाबा की मदद करती थीं। पुलिस का मानना है कि अगर समय रहते इस पाखंडी का पर्दाफाश न होता तो यह पूरा नेटवर्क एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट में बदल सकता था। बाबा की 8 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई है। उसके पास से दो फर्जी पासपोर्ट जैसे दस्तावेज और संयुक्त राष्ट्र व ब्रिक्स के नाम से फर्जी विजिटिंग कार्ड भी मिले हैं। इस पूरे मामले ने धर्म की आड़ में चल रहे अपराधों का काला चेहरा सामने ला दिया है।