बड़ी साजिश नाकाम: गुजरात ATS ने ISIS के 3 आतंकी दबोचे! हथियार एक्सचेंज करने आए थे, एक साल से थे रडार पर
Gujarat ATS: गुजरात ATS ने ISIS से जुड़े 3 प्रशिक्षित आतंकियों को गिरफ्तार किया। यूपी और हैदराबाद से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, देशभर में हमलों की साजिश नाकाम।
Gujarat ATS: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एटीएस की टीम ने इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आतंकी हथियार बदलने (एक्सचेंज करने) के लिए गुजरात आए थे और इनकी योजना थी कि ये देश भर में आतंकी हमलों को अंजाम देंगे। एटीएस की इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। गुजरात एटीएस पिछले करीब एक साल से इन तीनों आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। गिरफ्तार किए गए आतंकियों में से दो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि एक हैदराबाद का निवासी है। इन सभी आतंकियों की उम्र लगभग 30 से 35 साल है और ये तीनों ही पूरी तरह से प्रशिक्षित (ट्रेन्ड) हैं।एटीएस की टीम इनसे पूछताछ कर रही है ताकि इनके पूरे नेटवर्क और हमलों की विस्तृत योजना का पता लगाया जा सके। यह गिरफ्तारी देश की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।