हरभजन सिंह ने पंजाब सरकार को कोर्ट में घसीटा! सुरक्षा हटने पर भड़के भज्जी

आम आदमी पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने सुरक्षा हटाए जाने के खिलाफ पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। भज्जी ने सरकार से सुरक्षा हटाने की वजह पूछी है।

By :  Shivam
Update:2026-04-30 18:32 IST

Harbhajan Singh (Credit: Social Media)

पंजाब सरकार ने हाल ही में पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस ले ली थी। इसके खिलाफ हरभजन सिंह ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने अपनी याचिका में सुरक्षा हटाने के कारणों की जानकारी मांगी है और कोर्ट से दोबारा सुरक्षा बहाल करने की अपील की है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 मई को होगी।

इससे पहले 24 अप्रैल को आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा था। राघव चड्ढा समेत 10 में से 7 राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इन सांसदों में हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल शामिल हैं।

इन नेताओं का आरोप है कि आम आदमी पार्टी अपने मूल रास्ते से भटक गई है और उस पर भ्रष्ट एवं समझौता करने वाले लोगों का प्रभाव बढ़ गया है। उल्लेखनीय है कि पार्टी छोड़ने वाले सात सांसदों में से छह पंजाब से हैं। वहीं, राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इन सांसदों के बीजेपी में विलय को मंजूरी दे दी है।

हरभजन सिंह का राजनीतिक सफर 2022 में शुरू हुआ। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। मार्च 2022 में पार्टी ने उन्हें पंजाब से राज्यसभा के लिए नामित किया, जहां वे बिना विरोध के निर्वाचित हुए। इसके बाद 18 जुलाई 2022 को उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली।

AAP में उनका कार्यकाल लगभग चार साल का रहा। 24 अप्रैल को जब मुख्यमंत्री भगवंत मान को कुछ सांसदों के पार्टी छोड़ने की जानकारी मिली, तो उन्होंने सबसे पहले हरभजन सिंह से संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक कई बार कॉल करने के बावजूद हरभजन ने फोन नहीं उठाया।

फिलहाल हरभजन सिंह इंडियन प्रीमियर लीग के लिए कमेंट्री कर रहे हैं और इस समय मुंबई में मौजूद हैं।

Tags:    

Similar News