Rahul Gandhi News: पीएम मोदी पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर बोले सीएम सुक्खू, भाजपा को सच से दिक्कत
Rahul Gandhi News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राहुल गांधी के बयान का बचाव करते हुए कहा कि वह सच बोलते हैं, इसलिए भाजपा को तकलीफ होती है। राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्होंने युवा और पोषण योजनाओं का भी जिक्र किया।
Rahul Gandhi News (Image Credit-Social Media)
Rahul Gandhi News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान का बचाव किया है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता के रूप में उन मुद्दों को उठाते हैं जिनका संबंध आम जनता से होता है। वह सच बोल रहे हैं, इसलिए भाजपा को तकलीफ हो रही है, क्योंकि वह नहीं चाहती कि ये बातें जनता के बीच जाएं। राहुल गांधी की बातों के केंद्र में देश की चुनौतियां और जनहित के विषय होते हैं।
दूसरी ओर, पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सीएम ने उनके दूरदर्शी नेतृत्व, देश के तकनीकी एवं आधुनिक विकास में दिए गए अमूल्य योगदान तथा युवाओं को सशक्त बनाने के उनके संकल्प को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया। राजीव गांधी के विचार, मूल्य और राष्ट्र-निर्माण के प्रति उनका समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राजीव गांधी ने जिस आधुनिक, आत्मनिर्भर और युवा भारत का सपना देखा था, उसे हमारी सरकार 'राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना' के माध्यम से आगे बढ़ा रही है। इस योजना के तहत युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने पर 50 फीसदी सब्सिडी दी जा रही है। वर्ष 2026-27 में 500 युवाओं को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इन सभी ई-टैक्सियों को सरकारी विभागों से संबद्ध किया गया है, ताकि युवाओं को स्थायी रोजगार और नियमित आय मिल सके। साथ ही, प्रतिमाह 5000 रुपए की अतिरिक्त सहायता देकर उन्हें आर्थिक रूप से और सशक्त बनाया जा रहा है।
एक अन्य पोस्ट में सीएम ने लिखा कि बचपन जितना स्वस्थ और पोषित होगा, हिमाचल का भविष्य उतना ही सशक्त बनेगा। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित पोषण को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ‘मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना’ के तहत सप्ताह में दो दिन अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध करा रही है। योजना के प्रभावी संचालन के लिए 17 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान किया गया है, ताकि प्रदेश का हर बच्चा उत्तम पोषण प्राप्त कर स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सके।