शेयर बाजार में हाहाकार! मार्किट खुलते ही धड़ाम हुए सेंसेक्स-निफ्टी, जापान से कोरिया तक मची भगदड़

Stock Market Crash Today: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज हुई, एशियाई और वैश्विक बाजारों में बिकवाली का दबाव, निवेशकों में डर और अस्थिरता, बड़े शेयरों में गिरावट, और घरेलू निवेशकों की चिंता बढ़ी।

Update:2025-12-16 10:19 IST

Stock Market Crash Today: देश के शेयर बाजार में मंगलवार को भी निवेशकों के लिए 'काला मंगलवार' साबित हुआ है। बाजार खुलने के साथ ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख इंडेक्स बुरी तरह से धड़ाम हो गए। विदेशी बाजारों से आ रहे नकारात्मक संकेतों और जारी भारी बिकवाली के बीच बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स खुलते ही 300 अंकों से अधिक फिसल गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी बड़ी गिरावट के साथ खुला। एशिया के प्रमुख बाजारों में मचे कोहराम (Asian Market Crash) का सीधा असर भारतीय बाजार पर दिखाई दिया। इस बीच, BSE के लार्जकैप में शामिल 30 में से 27 शेयर शुरुआती कारोबार में ही लाल निशान में गोता लगाते नजर आए, जिससे निवेशकों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही हैं।

सेंसेक्स और निफ्टी खुलते ही बिखरे

मंगलवार को जैसे ही शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत हुई, बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 85,213 के मुकाबले फिसलकर 85,025 के निचले स्तर पर खुला। लेकिन यह गिरावट यहीं नहीं रुकी। महज 10 मिनट के कारोबार के दौरान ही सेंसेक्स 380 अंकों के आसपास की भारी गिरावट लेकर 84,833 तक फिसल गया। इस तेज गिरावट ने निवेशकों को सकते में डाल दिया।

वहीं, एनएसई के निफ्टी का हाल भी सेंसेक्स से अलग नहीं रहा। 50 शेयरों वाला यह प्रमुख इंडेक्स अपने पिछले बंद 26,027 से फिसलकर 25,951 पर खुला। जल्द ही, निफ्टी 120 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर 25,912 के स्तर पर आ गया। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि यह गिरावट मुख्य रूप से वैश्विक स्तर पर बढ़ती महंगाई की चिंता और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के कारण आई है, जिसने निवेशकों के भरोसे को बुरी तरह से हिला दिया है।

एशियाई बाजारों में आज भी 'क्रैश', निक्केई 700 अंक टूटा

भारतीय बाजार पर दबाव की सबसे बड़ी वजह एशियाई बाजारों में लगातार दूसरे दिन जारी भगदड़ का माहौल है। मंगलवार को खुलने के साथ ही एशिया के प्रमुख बाजारों में तगड़ी बिकवाली हावी रही। गिफ्ट निफ्टी 100 अंक फिसलकर कारोबार कर रहा था, तो वहीं जापान का प्रमुख इंडेक्स निक्केई (Japan Nikkei) 700 अंक से ज्यादा की जबरदस्त गिरावट के साथ 49,355 पर आ गया।

हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स भी करीब 2 फीसदी तक टूट गया और 25,122 पर ट्रेड करता दिखा। इसके अलावा, साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.80 फीसदी फिसलकर 4024 पर कारोबार कर रहा था। एशियाई बाजारों में छाए इस कोहराम ने भारतीय निवेशकों को भी सहमने पर मजबूर कर दिया है, जिससे घरेलू बाजार में भी बिकवाली का दबाव बढ़ गया है।

अमेरिका में भी 'लाल-लाल': अमेरिकी बाजारों में भी मायूसी

गिरावट का यह सिलसिला केवल एशियाई बाजारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बीते कारोबारी दिन अमेरिकी शेयर बाजार भी बेहाल नजर आए थे। वॉल स्ट्रीट पर डाऊ फ्यूचर 112 अंक गिरकर बंद हुआ था, जबकि प्रमुख डाऊ जोन्स इंडेक्स 42 अंक टूटकर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स भी मामूली गिरावट लेकर लाल निशान में ही क्लोज हुआ था। विदेशों से मिल रहे इन निगेटिव संकेतों ने भारतीय बाजार की शुरुआती तेजी की उम्मीदों को पूरी तरह से खत्म कर दिया।

इन 10 बड़े शेयरों ने तोड़ा दम

विदेशी बाजारों से मिल रहे नकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में आई इस बड़ी गिरावट में कई बड़े शेयरों का बुरा हाल हुआ। बीएसई के लार्जकैप सेगमेंट में एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयर में सबसे बड़ी 3.40 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, इटरनल (Eternal) 3.35 फीसदी, इंफोसिस (Infosys) 1.30 फीसदी, बीईएल (BEL) 1.20 फीसदी और टाटा स्टील (Tata Steel) 1.15 फीसदी की गिरावट लेकर कारोबार कर रहे थे।

मिडकैप कैटेगरी में ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के शेयर में 3 फीसदी, भेल (BHEL) में 2.20 फीसदी और केपीआई टेक (KPI Tech) में 1.90 फीसदी की गिरावट देखी गई। वहीं, स्मॉलकैप शेयरों में तारिल (Taril) 5.55 फीसदी और स्टालियन (Stallion) 5 फीसदी की बड़ी गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे। यह भारी बिकवाली दिखाती है कि निवेशक अब जोखिम लेने से बच रहे हैं और सुरक्षित निवेश की तलाश में हैं।

Tags:    

Similar News