केरल ने रचा इतिहास! बना भारत का पहला गरीबी खत्म करने वाला राज्य, CM पिनराई विजयन ने कहा- वादा हुआ पूरा
Kerala: केरल देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने अत्यधिक गरीबी पूरी तरह समाप्त कर दी है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने ऐतिहासिक घोषणा की है।
Pinarayi Vijayan
Kerala: केरल ने इतिहास रचते हुए देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने अत्यधिक गरीबी को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इस ऐतिहासिक घोषणा शनिवार को विधानसभा के विशेष सत्र में की। उन्होंने कहा कि केरल अब अत्यधिक गरीबी से मुक्त हो चुका है और यह राज्य स्थापना दिवस यानी पिरवी के अवसर पर विशेष रूप से गौरवपूर्ण पल है। मुख्यमंत्री ने कहा, "आज का केरल पिरवी का दिन इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। हमने केरल को अत्यधिक गरीबी से मुक्त करने वाला भारत का पहला राज्य बना दिया है। यह न केवल एक प्रशासनिक उपलब्धि है, बल्कि सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में भी एक बड़ा कदम है।"
‘नव केरल’ का निर्माण और ऐतिहासिक पहल
सीएम ने विधानसभा सत्र में कहा कि यह उपलब्धि ‘नव केरल’ के निर्माण में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि अत्यधिक गरीबी उन्मूलन उस महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक था, जिसे 2021 में नई सरकार के शपथ लेने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में लिया गया था। यह कदम विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में पहला ठोस प्रयास था। विजयन ने कहा, "हमने केवल घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि उन्हें लागू किया। यह दर्शाता है कि सरकारी योजनाएं वास्तविकता में कैसे बदलाव ला सकती हैं।"
विपक्ष का आरोप और बहिष्कार
हालांकि, इस ऐतिहासिक घोषणा का विरोध भी सामने आया। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने राज्य सरकार के इस दावे को ‘पूरी तरह से धोखाधड़ी’ करार दिया और विशेष सत्र का बहिष्कार किया। विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कहा कि नियम 300 के माध्यम से मुख्यमंत्री का यह बयान सदन के नियमों की अवमानना है। उन्होंने कहा, "हम इस सत्र में शामिल नहीं हो सकते क्योंकि यह दावा वास्तविकता के विपरीत है।" इसके बाद विपक्ष ने नारे लगाते हुए सदन से बहिर्गमन किया।
मुख्यमंत्री का जवाब
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यूडीएफ जब ‘धोखाधड़ी’ शब्द का उपयोग करता है तो वह केवल अपने ही व्यवहार का प्रतिबिंब दिखा रहा होता है। विजयन ने स्पष्ट किया कि सरकार ने केवल वही कदम उठाए हैं जो लागू किए जा सकते थे और जो कहा गया, उसे पूरी तरह लागू किया गया। उन्होंने कहा, "विरोधी दल को यही हमारा जवाब है कि हमने जो वचन दिया था, उसे पूरा किया है।"