कैफे में बैठकर रची गई थी मौत की पटकथा? केतन हत्याकांड में CCTV फुटेज से बड़ा खुलासा
Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। CCTV फुटेज में मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी हत्या से एक दिन पहले कैफे में बातचीत करते दिखे।
Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के चर्चित युवा कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। अब पुलिस को एक ऐसा CCTV फुटेज मिला है, जिसने मामले को और भी गंभीर बना दिया है। यह वीडियो घटना से एक दिन पहले का बताया जा रहा है। फुटेज में मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का मानना है कि दोनों ने यहीं बैठकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना पर चर्चा की थी। वीडियो में दोनों करीब एक घंटे तक बातचीत करते नजर आ रहे हैं। जांच एजेंसियां इस फुटेज को मामले का अहम सबूत मान रही हैं।
नवंबर में होने वाली थी शादी
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय सिया गोयल की शादी इसी साल नवंबर में 26 वर्षीय केतन अग्रवाल से होने वाली थी। दोनों की सगाई फरवरी में हुई थी। हालांकि, बताया जा रहा है कि सिया इस रिश्ते से खुश नहीं थी और शादी नहीं करना चाहती थी। परिवार के दबाव के कारण वह इस रिश्ते को तोड़ नहीं पाई। दूसरी ओर, वह चेतन चौधरी के साथ संबंध में थी और उसके साथ अपना भविष्य देख रही थी। दोनों की मुलाकात पिछले साल दिवाली के दौरान हुई थी और तभी से दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए थे।
कैफे में हुई लंबी बातचीत
पुलिस को मिले CCTV फुटेज में सिया और चेतन एक कैफे में प्रवेश करते दिखाई देते हैं। दोनों ने ऐसी जगह बैठना चुना, जहां आसपास कम लोग मौजूद थे। वीडियो में दोनों काफी देर तक गंभीर चर्चा करते नजर आते हैं। जांचकर्ताओं का कहना है कि बातचीत के दौरान दोनों लगातार एक-दूसरे के करीब बैठे रहे और कई बार आसपास का माहौल भी देखते रहे। इसी वजह से पुलिस को शक है कि वे किसी महत्वपूर्ण योजना पर चर्चा कर रहे थे।
लोहागढ़ किले में हुई घटना
पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल को पुणे के लोहागढ़ किले पर ले जाया गया था। वहीं पर उसे लगभग 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया गया। शुरुआती जांच में इस घटना को हादसा माना गया था। कहा गया कि केतन का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। घटना के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर केतन के साथ तस्वीरें और भावुक संदेश भी साझा किए थे, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। परिवार ने भी पहले इसे एक दुर्घटना मान लिया था।
बहन को हुआ शक, खुली सच्चाई
मामले में नया मोड़ तब आया जब केतन की बहन ने सिया से बातचीत की। पूछताछ के दौरान उसे कुछ बातें असामान्य लगीं, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा और अन्य सबूतों की जांच शुरू की। जांच आगे बढ़ी तो कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने हादसे की कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस का दावा है कि सबूतों से पता चला कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल सबूतों को इस मामले में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।