Mumbai International Airport को बम से उड़ाने की धमकी, Email ने मचाया हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Mumbai Airport Bomb Threat: मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि एयरपोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

Update:2026-06-14 13:47 IST

Image Source- Ai

Mumbai Airport Bomb Threat: मुंबई से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से धमकी भरा ईमेल भेजा गया, जिसमें एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई।

वही यह धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अलर्ट जारी किया गया है।

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

धमकी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाने में अदखलपात्र मामला दर्ज किया है। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पिछले कुछ समय से इस तरह के धमकी भरे ईमेल और फोन कॉल की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं।

एयरपोर्ट परिसर में चल रही है सघन जांच

धमकी के बाद स्थानीय पुलिस और बीडीडीएस टीम ने एयरपोर्ट परिसर की गहन जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

प्रारंभिक जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं और पूरे एयरपोर्ट परिसर की लगातार निगरानी की जा रही है।

सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में शामिल है मुंबई एयरपोर्ट

मुंबई एयरपोर्ट देश के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त हवाई अड्डों में गिना जाता है। यहां से प्रतिदिन हजारों उड़ानें संचालित होती हैं और लाखों यात्री आवागमन करते हैं।

ऐसे महत्वपूर्ण एयरपोर्ट को धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। इसी कारण पूरे मामले को उच्च प्राथमिकता के साथ लिया जा रहा है और हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

कुछ दिन पहले भी मिली थी ऐसी ही धमकी

बताया जा रहा है कि, कुछ दिन पहले भी मुंबई एयरपोर्ट और ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय मुंबई एयरपोर्ट पुलिस के ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल भेजा गया था।

उस ईमेल में दावा किया गया था कि ताज होटल और एयरपोर्ट को बम से निशाना बनाया जाएगा। उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और व्यापक जांच अभियान चलाया गया था। अब उस घटना के कुछ ही दिनों बाद एक बार फिर इसी तरह का धमकी भरा ईमेल सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।

मुंबई और पुणे के महापौरों को भी मिली थी धमकी

हाल ही में मुंबई और पुणे के महापौरों को भी धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। मुंबई की महापौर रितू तावड़े को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान से मारने और उनके कार्यालय में बम विस्फोट कराने की धमकी दी गई थी। इसी प्रकार की धमकी पुणे के महापौर को भी भेजी गई थी। इन घटनाओं के बाद राजनीतिक गलियारों में भी काफी हलचल देखने को मिली थी।

अब मुंबई एयरपोर्ट को दोबारा मिली धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं और ईमेल भेजने वाले की तलाश की जा रही है।

Tags:    

Similar News