'मेरे पति को जो भी मारेगा, उसे दूंगी 1 लाख...' पत्नी की एक बात बनी मौत की वजह, नागपुर हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा!
Nagpur Crime News :पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने पति की हत्या के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की थी और कथित तौर पर 50,000 रुपये एडवांस भी दिए थे।
Nagpur Crime News
Nagpur Crime News: महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद हैरान कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में जबदरस्त तरीके से सनसनी फैला दी है। जिस पत्नी से पति को जीवनभर साथ निभाने की उम्मीद थी, उसी पर अपने पति की हत्या की साजिश रचने और सुपारी देकर कत्ल कराने का आरोप लगा है।
पुलिस के मुताबिक , महिला ने अपने पति की हत्या के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की थी और कथित तौर पर 50,000 रुपये एडवांस भी दिए थे। वारदात के खुलासे के बाद पुलिस ने पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
घरेलू विवाद बना हत्या का कारण
यह मामला नागपुर के भांडेवाड़ी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कुख्यात अपराधी गणेश उर्फ गुरुदेव बोरकर के रूप में हुई है। उस पर हत्या, हत्या की कोशिश और चोरी समेत एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे।
शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि गणेश शराब का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी मनीषा के साथ मारपीट करता था। पुलिस के मुताबिक, घरेलू हिंसा और लगातार प्रताड़ना के कारण दोनों के बीच लंबे वक़्त से विवाद चल रहा था।
शादी समारोह में किया था 1 लाख रुपये देने का ऐलान
पुलिस जांच के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले कन्हान क्षेत्र में आयोजित एक पारिवारिक शादी के दौरान गणेश ने कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से अपनी पत्नी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी। इसी घटना के बाद गुस्से में मनीषा ने कथित तौर पर कहा था कि जो भी गणेश की हत्या करेगा, उसे एक 1 रुपये दिए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि उसी समारोह में मौजूद ददू उर्फ अभिजीत साखरे और अमन उर्फ नाटो पप्पू कैतवार ने इस बात को गंभीरता से लिया और हत्या की साजिश तैयार की।
गहने बेचकर जुटाए पैसे, 50,000 रुपये एडवांस देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मनीषा ने कथित तौर पर अपने गहने बेचकर हत्या के लिए पैसों का इंतजाम किया। जांच में आरोप है कि उसने अमन को 50,000 रुपये एडवांस के तौर पर दिए, जिसके बाद आरोपियों ने हत्या की योजना पर काम शुरू कर दिया।
वारदात वाली रात आरोपियों ने पहले गणेश की गतिविधियों पर नजर रखी। मौका मिलते ही धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पत्नी सहित 2 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने कई तकनीकी और परिस्थितिजन्य सबूत जुटाए। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने मनीषा बोरकर और अभिजीत उर्फ ददू साखरे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान मनीषा ने हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। हालांकि, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हत्या की साजिश में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड ने नागपुर ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को वैज्ञानिक और कानूनी तरीके से जांचा जा रहा है, ताकि दोषियों के खिलाफ मजबूत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।