परीक्षा सेंटर पर बत्ती गुल, NTA का एक और री-एग्जाम: जयपुर में 49 छात्रों का पेपर छूटा, एजेंसी निलंबित
Jaipur: AIAPGET परीक्षा के दौरान जयपुर के एक केंद्र पर बिजली गुल होने से 49 अभ्यर्थियों का CBT अधूरा रह गया। NTA ने 1 सितंबर को री-एग्जाम का ऐलान किया और लापरवाही पर आउटसोर्सिंग एजेंसी का एम्पैनलमेंट निलंबित कर दिया।
Jaipur
AIAPGET Re-Exam: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में अव्यवस्थाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) के दौरान जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अचानक बिजली गुल हो जाने से 49 अभ्यर्थियों का कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) अधूरा रह गया। इस तकनीकी खराबी के चलते प्रभावित छात्रों के लिए अब 1 सितंबर को दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) कराई जाएगी।
एनटीए के अनुसार, पहली पाली में देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 36,979 उम्मीदवारों में से 35,837 छात्र शामिल हुए थे। एजेंसी ने परीक्षा संचालन में आई बाधा पर खेद व्यक्त करते हुए इसकी पूरी जिम्मेदारी परीक्षा आयोजित कराने वाली आउटसोर्सिंग एजेंसी 'एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड' (M/s Eduquity) पर डाली है।
एजेंसी को नोटिस, एम्पैनलमेंट तुरंत प्रभाव से सस्पेंड
एनटीए ने परीक्षा में गंभीर लापरवाही बरतने पर संबंधित एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उसका पैनल पंजीकरण (एम्पैनलमेंट) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परीक्षा केंद्र पर अचानक पावर फेल होने से छात्रों में अफरा-तफरी मच गई थी; कई अभ्यर्थी बदहवास होकर रोने लगे और उन्होंने पेपर में धांधली व लीक की आशंका जताई थी। हालांकि, एनटीए ने स्पष्ट किया कि समस्या केवल बिजली और बैकअप फेल होने के कारण आई थी, जिसे री-टेस्ट के जरिए दुरुस्त किया जाएगा।
राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशें और संसदीय समिति का मंथन
नीट (NEET) के री-एग्जाम और यूजीसी-नेट के कई विषयों की दोबारा परीक्षा की घोषणा के बाद से ही एनटीए के परीक्षा प्रबंधन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। परीक्षा सुधारों के लिए गठित डॉ. के. राधाकृष्णन समिति ने पहले ही सिफारिश की थी कि निजी व कमजोर बुनियादी ढांचे वाले सेंटरों के बजाय सरकारी संस्थानों में कम से कम 1,000 'मानक टेस्टिंग सेंटर' का एक स्थायी पूल बनाया जाना चाहिए।
इस बीच, एनटीए की कार्यप्रणाली और व्यवस्थागत सुधारों को लेकर शिक्षा मंत्रालय से संबंधित संसदीय स्थायी समिति की एक अहम बैठक मंगलवार, 25 अगस्त को बुलाई गई है। इस बैठक में समिति की 382वीं संशोधित ड्राफ्ट रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिसमें हालिया पेपर लीक, तकनीकी खामियों और निजी टेस्ट सेंटरों की कमजोरियों के स्थायी समाधान का खाका तैयार किया गया है।