HP: विक्टोरिया पुल बंद, लोग जान हथेली पर ले चलने को मजबूर

Update:2016-02-07 19:31 IST
HP: विक्टोरिया पुल बंद, लोग जान हथेली पर ले चलने को मजबूर
  • whatsapp icon

मंडी. ऐतिहासिक विक्टोरिया पुल को कुछ दिन के लिए बंद किया गया है। मरम्मत के लिए इस पर आवाजाही रोकी गई है। अब लोग जान जोखिम में डालकर ब्यास नदी को पार कर रहे हैं। पुल बंद होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत उठानी पड़ रही हैं।

जलस्तर में हो सकती है बढ़ोतरी

इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उल्लेखनीय है कि ब्यास नदी का जलस्तर कभी भी बढ़ जाता है। इसी तरह की लापरवाही के चलते मंडी में भी जून, 2014 में लारजी हादसा हुअा था जो कभी भी दोहराया जा सकता है। प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

वैकल्पिक व्यवस्था नहीं

प्रशासन ने ब्रिज का मरम्मत कार्य तो शुरू कर दिया गया है, लेकिन लोगों के लिए कोई अस्थाई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। इससे लोग ब्यास के बीच से आने-जाने के लिए विवश हैं। जिला प्रशासन नेे पुल को बंद करने की बाकायदा अधिसूचना जारी की है और लोगों को वाया भ्यूली आने जाने के निर्देश दिए हंै। वाया भ्यूली जाने के लिए लगभग 3 किमी का अतिरिक्त सफर लोगों को करना पड़ रहा है। इससे बचने के लिए लोग अपनी जान को जोखिम में डाल रहे है।

कार्रवाई की मांग

मामले के संबंध में मंडी बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष लक्ष्मेंद्र सिंह ने सीएम वीरभद्र सिंह से मांग की है कि विक्टोरिया ब्रिज मरम्मत मामले में बरती जा रही लापरवाही के संबंध में बेपरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने मांग की है कि मंडी में पैदल चलने वाली जनता के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि मंडी में हुए लारजी हादसे को दोहराने से रोका जा सके। मोर्चा के अध्यक्ष ने लोनिवि के राकेश गुप्ता, प्रमुख अभियंता, निगम बिहार, शिमला को भी इस संबंध में अपनी शिकायत भेजी है और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

एडीएम ने कहा :

जिला प्रशासन की ओर से विक्टोरिया ब्रिज को आने-जाने के लिए 21 दिन के लिए बंद किया गया है, ताकि ब्रिज का मरम्मत कार्य किया जा सके। लोगों को वाया भ्यूली आने-जाने के लिए अतिरिक्त बस सेवा उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी को कोई परेशानी न उठानी पड़े। फिर भी यदि लोग अपनी जान जोखिम में डाल कर ब्यास को पार कर रहे हैं तो इस संबंध में ठोस कदम उठाए जाएंगे। मौके पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि लोग ब्यास में ना जा सके। (विवेक चंदेल, एडीएम, मंडी)।

 

Tags:    

Similar News