Petrol-Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी उछाल के संकेत, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर
भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम जल्द बढ़ सकते हैं। कच्चे तेल की कीमतें $126 प्रति बैरल तक पहुंचने और तेल कंपनियों के घाटे की वजह से ईंधन की कीमतों में भारी उछाल के संकेत हैं। जानिए आपके बजट पर इसका क्या असर होगा।
Petrol Diesel Price Today 27 April 2026
Petrol-Diesel Price News: आम लोगों की जेब पर महंगाई का एक और झटका लग सकता है। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में ईंधन के दाम बढ़ सकते हैं। पिछले चार वर्षों से स्थिर बनी हुई कीमतें अब आपके बजट को प्रभावित कर सकती हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
समाचार एजेंसी Press Trust of India (PTI) के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और शांति वार्ता ठप होने से वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें करीब 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं, जो चार साल का उच्चतम स्तर है। दुनिया की नजरें अब Strait of Hormuz पर टिकी हैं।
भारत में कीमतें क्यों बढ़ सकती हैं?
सरकारी तेल कंपनियों पर बढ़ता आर्थिक दबाव अब गंभीर होता जा रहा है। लंबे समय से खुदरा कीमतों को स्थिर रखा गया था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। तेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 20 रुपये और डीजल पर लगभग 100 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछले साल जहां कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी, वहीं अब इसका औसत 114 डॉलर से ऊपर पहुंच चुका है।
पहले अनुमान लगाया गया था कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 25 से 28 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि सरकार ने ऐसे दावों को खारिज कर दिया था।
इस बीच Indian Oil Corporation (IOC) ने हाल ही में कहा था कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा लागत में भारी वृद्धि के बावजूद पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एलपीजी के दाम बढ़े
मई महीने की शुरुआत में ही कंपनियों ने कमर्शियल LPG, इंडस्ट्रियल डीजल और जेट फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। ऐसे में अब आम उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल महंगे होने की आशंका बढ़ गई है। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर है।