Mission 2024: सपा-कांग्रेस गठबंधन की बन गई बात, 17 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस

Mission 2024: यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों पर सहमति होने के बाद दोनों दलों के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें गठबंधन का एलान किया।

Update:2024-02-21 17:53 IST

SP-Congress alliance (Pic:Newstrack)

Mission 2024: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बात पक्की हो गई है। इसका एलान भी कर दिया गया है। कांग्रेस यूपी के कुल 80 लोकसभा सीटों में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि बाकी बची 63 सीटों पर सपा के सभी सहयोगी दलों को जगह दी जाएगी।

लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि हम मिलकर लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ेंगे। कांग्रेस पूरे देश को जोड़ने का लगातार प्रयास कर रही है। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का विशेष रूप से उल्लेख किया और कहा कि हम उनके प्रति आभार जताते हैं कि उनके प्रयासों से ही यह गठबंधन इस अंजाम तक पहुंचा है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि गठबंधन में तय हुआ है कि यूपी में 17 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। वहीं, 63 सीटों पर सपा के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं गठबंधन के तहत कांग्रेस ने सपा को मध्य प्रदेश की खजुराहों लोकसभा सीट दी है।

भाजपा को हटाने के लिए एक साथ आए हैं

इस मौके पर सपा के नेता व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि हम भारत को बचाने के लिए और भाजपा को हटाने के लिए एक साथ आए हैं। आज किसान परेशान हैं, जवान परेशान हैं, लोकतंत्र खतरे में है। ऐसे में हम भाजपा को हटाने के लिए संकल्प लेकर एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन भाजपा को सत्ता से हटाने में सक्षम है। भाजपा ने जो वादे किए ठीक इसके विपरीत आचरण किया है। हमें भरोसा है कि देश में फैले अन्याय को दूर करने में ये गठबंधन कामयाब रहेगा।

जानिए कहां-कहां लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी, देवरिया की लोकसभा सीट पर चुनाव लडे़गी।

संयुक्त प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News