हरियाणा कांग्रेस में कलह सुलझाने पहुंचे राहुल गांधी, सीनियर नेताओं संग बैठक जारी
हरियाणा कांग्रेस में चल रही गुटबाज़ी को खत्म करने के लिए राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंचे। भूपेंद्र हुड्डा और कुमारी सैलजा के बीच सुलह की कोशिशें तेज़।
Haryana News
कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज हरियाणा के दौरे पर हैं। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में पहुंचकर पार्टी नेताओं से मुलाकात की। वहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी का कार्यक्रम दोपहर ढाई बजे तक तय किया गया है। अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस के नेताओं को गुटबाजी छोड़कर एकजुट होकर काम करने की सलाह देंगे। वे संगठन को मजबूत करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे।
कुल 115 नेताओं से मुलाकात करेंगे
इस दौरे में राहुल गांधी दो चरणों में कुल 115 नेताओं से मुलाकात करेंगे। पहले चरण की बैठक शुरू हो चुकी है, जिसमें राज्य के 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत हो रही है। बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और वरिष्ठ नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। राहुल गांधी इस दौरान हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक बदलाव और मजबूती पर खास ध्यान दे रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि पार्टी के सभी नेता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करें।
राहुल गांधी करेंगे पर्यवेक्षकों से संगठन को लेकर चर्चा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को संगठन को मजबूत करने के मकसद से 21 केंद्रीय पर्यवेक्षकों और 77 राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों के साथ बैठक करेंगे। राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों में 8 सह-पर्यवेक्षक भी शामिल हैं। इन पर्यवेक्षकों में सबसे ज्यादा संख्या भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट से जुड़ी हुई है। प्रत्येक केंद्रीय पर्यवेक्षक के साथ तीन राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक काम करेंगे। किस केंद्रीय और राज्य पर्यवेक्षक को कौन सा जिला सौंपा जाएगा, इस पर मंगलवार को हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के बीच चर्चा हुई है। अब इस प्रस्तावित योजना को राहुल गांधी की बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद यह फैसला होगा कि कौन केंद्रीय पर्यवेक्षक किस जिले में जाकर संगठन खड़ा करेगा और पार्टी को मजबूत बनाने का काम करेगा।