Shiv Sena MP Threatens Journalists: 'जान से मार दूंगा', शिवसेना सांसद ने पत्रकारों को दी धमकी, शिंदे बोले- तुरंत माफी मांगें

Shiv Sena MP Threatens Journalists: शिवसेना सांसद संजय दीना पाटिल ने पत्रकारों को 'जान से मारने' की धमकी दी है। मामले पर विवाद बढ़ने के बाद एकनाथ शिंदे ने उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की नसीहत दी है।

Update:2026-06-25 20:58 IST

Shiv Sena MP Threatens Journalists: उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट का दामन थामने वाले सांसद संजय दीना पाटिल इन दिनों अपने ही बयानों के जाल में बुरी तरह फंस गए हैं। पत्रकारों के साथ बदसलूकी करने और उन्हें सरेआम धमकियां देने के आरोप में वे चौतरफा घिर चुके हैं।

इस घटना के तूल पकड़ते ही समूचा विपक्ष हमलावर हो गया है और राज्य सरकार से जवाब मांग रहा है। बढ़ते विवाद को देखते हुए खुद एकनाथ शिंदे को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा है। उन्होंने पाटिल के इस रवैये को सिरे से गलत ठहराते हुए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की नसीहत दी है।

बेटी से जुड़े सवाल पर खोया आपा

दरअसल, हाल ही में संजय दीना पाटिल शिवसेना (UBT) के अन्य सांसदों के साथ पाला बदलकर शिंदे गुट में शामिल हुए थे। गुरुवार को जब मीडियाकर्मियों ने उनसे उनकी बेटी राजुल पाटिल के उद्धव गुट में ही टिके रहने और संजय राउत द्वारा की गई शिकायत को लेकर सवाल दागे, तो सांसद महोदय अपना आपा खो बैठे।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वे पत्रकारों को भद्दी गालियां देते और यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि उनके निजी मामलों में कोई दखल न दे, वरना वे जान से मार देंगे। इस खुलेआम दी गई धमकी के बाद से ही पत्रकार बिरादरी और विपक्षी दलों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

संजय राउत ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवसेना (UBT) के दिग्गज नेता संजय राउत ने सीधे मुंबई के पुलिस कमिश्नर को खत लिखकर पाटिल के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की गुहार लगाई है। राउत का साफ आरोप है कि पाटिल ने विरोधियों पर बम फेंकने और घर में घुसकर जान से मारने जैसी खौफनाक धमकियां दी हैं।

विवादों से पाटिल का यह कोई नया नाता नहीं है। इससे पहले भी वे कैमरे के सामने यह दावा कर चुके हैं कि जब उनके पिता दीना पाटिल पर जानलेवा हमला हुआ था, तब बदले में पांच लोगों की हत्या कर दी गई थी। हालांकि, तब उन्होंने बात को वहीं गोलमोल कर दिया था। अब राउत और पाटिल के बीच चल रही इस जबानी जंग ने राजनीतिक माहौल को और भी ज्यादा तल्ख कर दिया है।

शिंदे और फडणवीस की प्रतिक्रिया

इस पूरे बवाल पर सरकार के शीर्ष नेताओं का रुख भी सामने आ गया है। एकनाथ शिंदे ने सफाई पेश करते हुए कहा कि संजय दीना पाटिल की मंशा किसी भी पत्रकार को नीचा दिखाने या अपमानित करने की नहीं थी। फिर भी, अगर उनके शब्दों से किसी को भी ठेस पहुंची है, तो उन्होंने इसके लिए खेद जताने की बात कही है।

शिंदे ने स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद पाटिल से बात की है और हिदायत दी है कि अगर उनके मुंह से कोई भी अनुचित शब्द निकला है तो उन्हें बिना देर किए माफी मांग लेनी चाहिए। दूसरी ओर, देवेंद्र फडणवीस ने इस मुद्दे पर बेहद सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि वे पूरी घटना की तह तक जाने के बाद ही कोई आधिकारिक बयान देंगे, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ दिया कि किसी को भी धमकाना पूरी तरह से गलत है।

Tags:    

Similar News