Tejashwi Yadav का बिहार सरकार पर बड़ा आरोप, महिलाएं और बच्चे सुरक्षित नहीं, एक महीने में 75 से ज्यादा रेप
Tejashwi Yadav: तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध और बच्चों के गायब होने के मामलों को लेकर सरकार पर हमला बोला और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता Tejashwi Yadav ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में बिहार से 8,681 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें करीब 85 प्रतिशत लड़कियां शामिल हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा
सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav On Bihar Government) ने राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार दुष्कर्म, हत्या, लूट और चोरी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उनके अनुसार, हाल के दिनों में 75 से ज्यादा दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति गंभीर नजर आ रही है।
तेजस्वी ने कहा कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आम जनता में डर का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि स्वर्णकारों के साथ दिनदहाड़े लूट की घटनाएं हो रही हैं और राज्य के लगभग हर जिले में रोजाना अपराध दर्ज किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
आरजेडी नेता ने मुख्यमंत्री पर भी तीखा तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था की बात करने वाली सरकार जमीन पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार को बिहार और यहां के लोगों की सुरक्षा की चिंता नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता नजर नहीं आती।
हाल की घटनाओं का किया जिक्र
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav On Bihar Government) ने हाल ही में सामने आई कुछ घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले एक नीट छात्रा की हत्या का मामला सामने आया और अब पॉलिटेक्निक परीक्षा देने पटना आई एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास की घटना ने लोगों को चिंतित कर दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के अलग-अलग जिलों से छात्राएं पढ़ाई के लिए पटना आती हैं, लेकिन मौजूदा हालात में उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav News) ने सरकार से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से स्थिति नहीं सुधरेगी, बल्कि जमीन पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।