रांची में धरना-प्रदर्शन पर प्रशासन का शिकंजा! बिना अनुमति रैली की तो होगी सख्त कार्रवाई
Jharkhand News: रांची में JPSC अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों के धरना-प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। बिना अनुमति प्रदर्शन और यातायात बाधित करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Jharkhand News
Jharkhand News: रांची में JPSC अभ्यर्थियों और विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा धरना प्रदर्शन करने वालों के लिए सरकार ने सख्त दिशा –निर्देश जारी किया है। उन्हें आदेश दिया है यदि उनकी रैली, प्रदर्शन के कारण अगर यातायात बाधित होता है, तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन करने वालों पर प्रशासन की नज़र होगी। प्रशासन का कहना है कि धरना प्रदर्शन जैसे आयोजन के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना और सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शन हेतु निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।
आयोजकों को देनी होगी कार्यक्रम की पूरी जानकारी
प्रशासन के निर्देश के अनुसार, धरना, प्रदर्शन, जुलूस या रैली आयोजित करने वाले आयोजकों को कार्यक्रम से जुड़ी पूरी जानकारी पहले से प्रशासन को देनी होगी। इसमें कार्यक्रम की तारीख, शुरू होने और समाप्त होने का समय, संभावित प्रतिभागियों की संख्या और शामिल होने वाले वीआईपी या प्रमुख लोगों की जानकारी देनी होगी।
जुलूस या रैली आयोजित करने से पहले आयोजकों को उसका पूरा रूट प्रशासन के साथ साझा करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे कार्यक्रमों के कारण सड़कों पर आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने कहा है कि ऐसा कोई भी आयोजन, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो, यातायात बाधित हो या आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़े, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
प्रदर्शन में शामिल होने से पहले जानकारी लेने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों और छात्रों से भी अपील की है कि वे किसी भी धरना या प्रदर्शन में शामिल होने से पहले आयोजकों से कार्यक्रम की वैधानिक स्थिति और प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्तों की जानकारी जरूर लें। प्रशासन का कहना है कि अफवाहों या भ्रामक जानकारी के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो, इसके लिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।