चुनावी दंगल का असली मजा चाहिए तो पश्चिम यूपी की 11 सीटों पर जाएं

Update:2019-04-04 21:05 IST

धनंजय सिंह

लखनऊ: पश्चिम यूपी की 11 सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होना है। 2014 में इन आठ लोकसभा सीटों पर बीजीपी का कब्ज़ा था, इस बार के लोकसभा चुनावों में यहाँ के सियासी समीकरण पूरी तरह से उलझे हुए हैं। गठबंधन एवं कांग्रेस उम्मीदवारों के सामने भाजपा का तिलिस्म तोड़ने की चुनौती है। इन सीटों पर स्थिति अभी साफ नहीं है।

2014 में ये थे भाजपा के बाजीगर

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में पश्चिमी उ.प्र.की मेरठ-हापुड़ सीट पर भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल जीते थे तो बागपत पर डॉ. सत्यपाल सिंह ने रालोद के प्रमुख अजित सिंह को हराया था। इसी तरह कैराना से दिवंगत हुकुम सिंह, मुजफ्फरनगर से डॉ. संजीव बालियान, सहारनपुर से राघव लखनपाल शर्मा, बिजनौर से कुंवर भारतेंद्र सिंह, गाजियाबाद से जनरल वीके सिंह और गौतमबुद्ध नगर से डॉ. महेश शर्मा विजयी हुए थे।

मृगांका का टिकट काटने से कैराना में भाजपा को नुकसान

कैराना सीट पर भाजपा के हाथों शिकस्त खाए बसपा, सपा और रालोद ने गठबंधन कर लिया है तो कांग्रेस भी अपने स्वर्णिम अतीत की तलाश में है। भाजपा ने कैराना को छोड़कर अपने पुराने सांसदों को ही चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने दिवंगत हुकुम सिंह की बेटी मृगांका की जगह गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी को टिकट दिया है। इससे भाजपा को क्षेत्र में नुकसान हो रहा है। लोग खुलकर भाजपा उम्मीदवार प्रदीप चौधरी का विरोध कर रहे हैं। गठबंधन से यहां सपा के टिकट पर तबस्सुम हसन और कांग्रेस से पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक चुनाव मैदान में है। यहां पर अभी तक त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

मेरठ हापुड़ में राजेंद्र अग्रवाल का हो रहा है विरोध

मेरठ-हापुड़ से दो बार के भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल को चुनाव-प्रचार के दौरान लोगों का विरोध झेलना पड़ रहा है। लोग उन पर विकास कार्य न कराने और व्यवहार ठीक नहीं होने के आरोप लगा रहे हैं। वहीं भाजपा नेता भी अदंर ही अंदर विरोध कर रहे हैं लेकिन अमित शाह के पेंच कसने के बाद भाजपा नेता प्रचार में दिखाई दे रहे हैं। बसपा ने यहां पूर्व मंत्री एवं कट्टर मुस्लिम छवि के याकूब कुरैशी को टिकट दिया है। कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसी दास के बेटे हरेंद्र अग्रवाल चुनावी ताल ठोंक रहे हैं।

मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान दंगाइयों के साथ खड़े थे अजित सिंह-योगी आदित्यनाथ

भाजपा के समर्थकों कहना है कि याकूब को चुनाव जिताने के बजाय मजबूरी में ही सही वह राजेंद्र अग्रवाल को वोट देंगे। हरेंद्र अग्रवाल ने गठबंधन उम्मीदवार की परेशानी को बढ़ाया हुआ है। मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट पर 2.25 लाख वैश्य वोटर हैं। ठाकुर 60 हजार, ब्राह्मण डेढ़ लाख, जाट एक लाख, गुर्जर 90 हजार, मुस्लिम साढ़े पांच लाख, दलित तीन लाख, पंजाबी 50 हजार, पिछड़े व अन्य करीब चार लाख वोटर हैं।

बागपत में भाजपा रालोद में सीधा मुकाबला

रालोद ने बागपत में पूर्व सांसद जयंत चौधरी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस का कोई उम्मीदवार नहीं होने से यहां भाजपा-रालोद के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों दलों के उम्मीदवार वोटरों को अपने पाले में करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे। भाजपा ने बागपत में अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभाएं कराई हैं तो जयंत चौधरी खुद प्रचार में जुटे हैं।

अजीत संजीव वालियान में सीधी टक्कर

मुजफ्फरनगर से अपने राजनीतिक जीवन का अहम चुनाव लड़ रहे रालोद मुखिया अजित सिंह के सामने भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजीव बालियान फिर से चुनाव जीतने की कोशिश में है। यहां पर भी कांग्रेस प्रत्याशी नहीं होने से चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है। भाजपा के पक्ष में कई दिग्गज प्रचार कर रहे हैं तो रालोद मुखिया खुद प्रचार में लगे हैं।

सहारनपुर में मुस्लिम वोट बंटा तो फायदा भाजपा को

सहारनपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने राघव लखनपाल शर्मा पर दांव खेला है तो कांग्रेस ने इमरान मसूद औऱ बसपा ने हाजी फजलुर्रहमान को उम्मीदवार बनाया है। इससे यहां त्रिकोणीय मुकाबला होगा। मुस्लिम मतों के बंटने की स्थिति में भाजपा उम्मीदवार को फायदा हो सकता है।

बिजनौर में नसीमुद्दीन ने बिगाड़े समीकरण

बिजनौर सीट पर कांग्रेस ने बसपा के पूर्व दिग्गज नसीमुद्दीन सिद्दीकी को टिकट देकर सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। नसीमुद्दीन के आने से बसपा उम्मीदवार मलूक नागर बेचैन हैं। भाजपा के कुंवर भारतेंद्र सिंह फिर से चुनाव मैदान में है।

गाजियाबाद में रोचक हुआ मुकाबला

भाजपा से केन्द्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, सपा से पूर्व विधायक सुरेश बंसल और कांग्रेस से डॉली शर्मा चुनाव मैदान में है। इससे यहां चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है। वर्ष 2014 में वीके सिंह ने पौने छह लाख वोटों से जीत हासिल की थी। अब उनके समीकरण भी उलझ गए हैं।

गौतमबुद्धनगर में तो दोनो ने कर दिया जीत का एलान

गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार डॉ. महेश शर्मा, बसपा के सतबीर नागर चुनावी रण में हैं। भाजपा यहां खुद को जीता हुआ मानकर चल रही है तो बसपा उम्मीदवार ने भी अपनी जीत का ऐलान किया हुआ है।

Tags: