गोडसे प्रकरण: भाकपा ने BJP से प्रज्ञा और हेगड़े को पार्टी से निकालने की मांग की

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने वाले भाजपा नेताओं के बयानों को भाकपा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुये कहा है कि भाजपा इन बयानों से खुद को अलग कर तब तक अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है,

Update: 2019-05-17 11:03 GMT

नयी दिल्ली: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने वाले भाजपा नेताओं के बयानों को भाकपा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुये कहा है कि भाजपा इन बयानों से खुद को अलग कर तब तक अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है, जब तक कि इन नेताओं को पार्टी से निष्काषित नहीं किया जाता है।

भाकपा ने शुक्रवार को जारी बयान में भोपाल से भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर और केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के बयानों को

स्वतंत्रता आंदोलन का अपमान करार दिया। पार्टी ने भाजपा से इस मामले में देश से माफी मांगने की मांग की।

यह भी पढ़ें.....ऋषि कपूर से मिलने न्यूयॉर्क पहुंचे शाहरुख खान, नीतू कपूर ने किया ये कॉमेंट

उल्लेखनीय है कि प्रज्ञा ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा था कि महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे सबसे बड़े देशभक्त थे और जो लोग उन्हें आतंकवादी कहते हैं, वे अपनी गिरेबां में झांककर देखें। बाद में, ठाकुर ने माफी मांग कर अपना बयान वापस ले लिया।

इसके बाद अनंत कुमार ने भी ट्वीट कर कहा कि गोडसे के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है, माफी मांगने की नहीं। कुछ समय बाद उन्होंने भी अपना ट्वीट हटा दिया।

यह भी पढ़ें.....भीम आर्मी प्रमुख ने दलितों के खिलाफ अत्याचार पर गुजरात सरकार को चेताया

भाकपा ने कहा कि भाजपा नेताओं के बयान से पार्टी की विचारधारा का पता चलता है। भाकपा ने कहा कि यह ऐतिहासिक तथ्य है कि हिंदू महासभा और आरएसएस की देश के स्वतंत्रता संग्राम में कोई भूमिका नहीं रही, ना ही ये संगठन भारत के धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक संविधान से कभी सहमत रहे हैं।

भाकपा ने कहा कि भाजपा को न सिर्फ देश से माफी मांगनी चाहिये बल्कि गांधी जी के बारे में इस तरह के बयान देने वाले नेताओं को भाजपा से निष्कासित करना चाहिये।

पार्टी ने मध्य प्रदेश सरकार से प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की भी मांग की।

Tags: