राजनाथ सिंह के खिलाफ कांग्रेस के दो नेताओं ने खरीदा नामांकन पत्र

केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ लखनऊ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस स्थानीय उम्मीदवार उतारने के मूड में है। पार्टी हाईकमान से कांग्रेस के एक प्रदेश स्तर के नेता को चुनाव तैयारी करने का संकेत भी मिल चुका है, लेकिन अभी टिकट घोषित नहीं हुआ है।

Update: 2019-04-13 13:37 GMT

लखनऊ: केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ लखनऊ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस स्थानीय उम्मीदवार उतारने के मूड में है। पार्टी हाईकमान से कांग्रेस के एक प्रदेश स्तर के नेता को चुनाव तैयारी करने का संकेत भी मिल चुका है, लेकिन अभी टिकट घोषित नहीं हुआ है।

पहले लखनऊ से कांग्रेस शत्रुध्न सिन्हा को लड़ाना चाह रही थी लेकिन वह लखनऊ से तैयार नहीं हुए। इसके बाद कांग्रेस ने आचार्य प्रमोद कृष्णम, गोविन्दा और कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला के सामने लखनऊ से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया। लखनऊ में हार सुनिश्चित जानकर इन नेताओं के भी चुनाव लड़ने से मना कर दिया।

यह भी देखें:-आलिया भट्ट और वरुण धवन हैं अदनान सामी के सबसे बड़े फैन्‍स

वहीं, अंत में कांग्रेस आलाकमान ने केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को लखनऊ से राजनाथ के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने को कहा। जितिन प्रसाद ने स्पष्ट रूप से कांग्रेस नेतृत्व को कहा कि वह धौरहरा लोकसभा से ही चुनाव लड़ेंगे। बड़े नेताओं के न करने के बाद स्थानीय नेताओं पर कांग्रेस दांव लगाना चाहती है। लखनऊ ब्राह्मण बहुल सीट है। इसलिए कांग्रेस यहां से किसी स्थानीय ब्राह्मण नेता को मैदान में उतार सकती है।

लखनऊ से स्थानीय नेता के रूप में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री विनोद मिश्रा, लखनऊ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बोधलाल शुक्ल और पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ल का नाम चल रहा है। इनमें से प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री व लखनऊ प्रभारी विनोद मिश्रा और पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला ने नामांकन फार्म भी खरीद लिया है।

Tags: