SP- BSP गठबंधन का लोगो जारी, 'साथी' करेगा महागठबंधन से महापरिवर्तन

वर्षो की पुरानी दुश्मनी भुला कर यूपी में लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने के लिए सपा बसपा ने गठबंधन किया। भाजपा को चुनाव में पटकनी देने के लिए बना ये गठबंधन एक एक सधी चाल चल रहा है।

Update: 2019-03-19 13:57 GMT

लखनऊ: वर्षो की पुरानी दुश्मनी भुला कर यूपी में लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने के लिए सपा बसपा ने गठबंधन किया। भाजपा को चुनाव में पटकनी देने के लिए बना ये गठबंधन एक एक सधी चाल चल रहा है। पहले सीटों के बंटवारे और प्रत्या​शियों के चयन में बारीकी और तालमेल का ध्यान रखा अब गठबंधन के लोगो को लेकर भी बराबरी का परिचय दिया है।



यूपी में सपा बसपा के गठबंधन का लोगो जारी हो गया।एकसाथ आए सपा और बसपा ने चुनावी अभियान के लिए नया लोगो जारी किया है। सपा के चुनाव निशान साइकिल से सा और बसपा के चुनाव चिन्ह हाथी से थी लेकर 'साथी' बनाया है। इसके साथ ही नारा दिया है कि महागठबंधन से महापरिवर्तन। यही नहीं, सपा के साइकिल के पहिए और बसपा के हाथी सूंड को जोड़कर नया लोगो रचा है।



यह भी पढ़ें.....सपा-बसपा गठबंधन की गणित खराब कर सकते हैं पूर्वांचल के ये कद्दावर नेता

सपा-बसपा के नए लोगों में दोनों पार्टियों के चुनाव निशान के साथ दोनों दलों के नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। एक तरफ जहां, सपा की साइकिल के साथ अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव और राम मनोहर लोहिया के फोटो लगे हैं। वहीं दूसरी ओर बसपा का चुनाव निशान हाथी के साथ मायावती, कांशीराम और डॉ. अंबेडकर की तस्वीर लगाई गई है।

यह भी पढ़ें.....लोकतंत्र को बचाने के लिए सपा-बसपा गठबंधन ही विकल्प : अखिलेश

उत्तर प्रदेश के 80 लोकसभा सीटों में से 38 सीटों पर बसपा और 37 सीटों पर सपा चुनाव लड़ रहे हैं. जबकि, 3 सीटें चौधरी अजित सिंह की पार्टी आरएलडी को दी है। इसके अलावा अमेठी व रायबरेली में कांग्रेस के खिलाफ उम्मीदवार न उतारने की घोषणा की है।



Tags: