कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को मजबूत करूंगा : डॉ महेंद्र नाथ पांडेय

Update: 2017-09-08 10:19 GMT

लखनऊ: भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय इस पद पर आने से पहले केंद्र सरकार में मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री थे। इस पद पर रहते हुए उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम किया है। वह कहते भी हैं कि रिसर्च स्कॉलर रहा हूं। यह मेरी कल्पना में भी नहीं था कि मैं जिस शिक्षा को ग्रहण कर रहा हूं, एक दिन मुझे उसी की नीतियां बनाने का जिम्मा मिलेगा। मैं तो बस अपना काम कर रहा था।

पार्टी नेतृत्व सब देखता रहता है। किससे क्या काम लेना है, उसे पता रहता है। पार्टी नेतृत्व ने फिलहाल मुझे मंत्रालय के बजाय संगठन का काम सौंपा है। अब मैं उसी के लिए प्राणपण से काम करूंगा। भाजपा संगठन को मजबूती देना और सबको साथ लेकर पार्टी को आगे ले चलने का जिम्मा मिला है। कार्यकर्ताओं के सहयोग से यह काम करके दिखाऊंगा। यह बहुत महत्वपूर्ण काम भी है। संगठन को लेकर आरबी त्रिपाठी ने उनसे बातचीत की। पेश है बातचीत के अंश-

= अभी तक आपके पास केंद्र के मंत्री का जिम्मा था, अब संगठन का। दोनों की तुलना में आप किसे बेहतर मानते हैं।

- यह तुलना उचित नहीं। दोनों काम अलग- अलग हैं। एक सरकार का काम है तो दूसरा संगठन का। दोनों अपनी अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं। यह जरूर है कि अभी तक मंत्री रहा हूं तो वह काम ठीक से करने की कोशिश की है और अब संगठन का जिम्मा मिला है तो यह काम भी पूरे उत्साह से करूंगा। हमारा संगठन इतना बड़ा है कि इसे साथ लेकर आगे बढऩा बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण काम है। कार्यकताओं सहयोग से यह काम ठीक से करके दिखाऊंगा। संगठन को और मजबूत करूंगा।

= आपकी पार्टी ने इतनी सीटें पहले कभी नहीं जीती थीं। चाहे वह लोकसभा का चुनाव रहा हो, चाहे विधानसभा का। आपका लक्ष्य निश्चित रूप से इसके आगे ही होगा।

ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रहा घोटाला, गरीब झोपड़ियों में रहने को मजबूर

- बिलकुल। हमने तय किया है कि पार्टी को और मजबूती देनी है। हमारे कार्यकर्ता इतने अच्छे और समॢपत हैं कि यह सब उनके ही सहयोग से संभव होगा। बूथ से ले लेकर मंडल, जिला और राज्य स्तर पर सब मिलकर काम कर रहे हैं। पार्टी को आगे जाना ही है क्योंकि भाजपा के मुकाबले जनता किसी पार्टी को पूछ ही नहीं रही। सरकार के कामों से भाजपा के प्रति जनता का विश्वास और गहरा हुआ है।

= उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच कुछ अजीब सी नाइत्तेफाकी लग रही है। यह कैसे दूर होगी?

- नहीं, ऐसा कुछ है ही नहीं। संगठन अपना काम अच्छे से कर रहा है और योगी जी के नेतृत्व में सरकार ने पिछले पांच महीने में ही इतना काम कर दिया है जितना पिछली सरकारें अपने पूरे कार्यकाल में नहीं कर पाईं। यह पहली सरकार है जिसने समय से पहले लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए वादे पूरे कर दिए हैं। जनता के बीच इसका अच्छा संदेश है। हम कार्यकर्ताओं के सहयोग से सरकार के सारे कामों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। सरकार जिन लोगों के लिए योजनाएं बना रही है, उन्हें उनका लाभ मिलता रहे, इसका भी ध्यान रखा जाएगा क्योंकि हमारा सूत्र वाक्य ही पथ अंत्योदय, प्रण अंत्योदय और लक्ष्य अंत्योदय का है।

ये भी पढ़ें : डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय के अध्यक्ष बनने से कितना बदलेगी भाजपा

= आपका पहला इम्तहान नगर निकाय के चुनाव में ही होने वाला है। क्या कहेंगे?

- हां, बिल्कुल। हम इसके लिए तैयार हैं। निकाय चुनाव हमारे संगठन की प्राथमिकता में हैं। पार्टी की इकाइयां अपनी-अपनी जगह सक्रिय हैं। किसी को आराम करने की फुरसत कहंा। हम निकाय चुनावों में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करेंगे। संगठन के लोग जुटकर काम कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News