Paris Olympics 2024: भाजपा विधायक भारत के लिए पेरिस में साधेंगी निशाना, जानिए कौन हैं श्रेयसी सिंह?

Paris Olympics 2024 : भारत की नजर पेरिस ओलंपिक के शॉट गन ट्रैप इवेंट पर होगी, जिसमें श्रेयसी सिंह देश के लिए निशाना साधेंगी।

Written By :  Ashish Kumar Pandey
Update: 2024-07-30 07:58 GMT

bihar BJP MLA shooter Shreyasi Singh    (photo: social media ) 

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 का आगाज हो चुका है। दुनिया भर के खिलाड़ी इस प्रतिस्पर्धा में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 16 खेलों के 69 मेडल इवेंट में भारत की ओर से 117 एथलीट अपना दमखम दिखाने में जुटे हैं। इस ओलंपिक में भारत के पास पदक आया भी है और अभी लगातार उम्मीद बनी हुई है। वहीं इस ओलंपिक में प्रतिभाग कर रही इन एथलीट के बीच एक ऐसी भी एथलीट हैं जो अन्य एथलीटों के लिए प्रेरणा हैं।

हम बात कर रहे हैं देश की इकलौती विधायक शूटर श्रेयसी सिंह की। श्रेयसी बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर की रहने वाली हैं और देश की इकलौती विधायक शूटर के रूप में पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई कर वहां गई हैं। वह 30 व 31 जुलाई को ओलंपिक में भारत के लिए शॉट गन ट्रैप इवेंट में मेडल में पर निशाना लगाएंगी।

कॉमनवेल्थ गोल्ड पर निशाना साध चुकी हैं

30 जुलाई को उनका क्वालीफाई होगा और 31 जुलाई को फाइनल होगा। भारतीय शूटर श्रेयसी सिंह दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और बांका की पूर्व सांसद पुतुल सिंह की पुत्री हैं। श्रेयसी एथलीट होने के साथ-साथ एक राजनेता भी हैं। वह वर्तमान बिहार विधानसभा की सदस्य हैं और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की जमुई से विधायक हैं। श्रेयसी ने 2014 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के डबल ट्रैप इवेंट में भारत के लिए सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। इसके अलावा 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने गोल्ड पर निशाना लगाकर देश का नाम ऊंचा किया था। ऐसे में अब उनसे उम्मीद है कि वह पेरिस में भी मेडल जीतकर देश और अपने राज्य का नाम रौशन करेंगी।


राजनीतिक परिवार से आती हैं श्रेयसी सिंह

अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित 33 साल की श्रेयसी सिंह ऐसे परिवार से आती हैं। जिसे बिहार में राजनीति के लिए जाना जाता है। उनके पिता दिवंगत दिग्विजय सिंह केंद्रीय मंत्री रहे थे। वह राजसी परिवार से आती हैं और अपने पिता के नक्शे-कदम पर चलकर राजनीति में आई हैं। उनकी मां बांका से लोकसभा सांसद रही हैं। श्रेयसी सिंह 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में जमुई से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचीं। यही नहीं श्रेयसी ने 2024 लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताने के लिए लगातार क्षेत्र में भ्रमण भी किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में मंचों पर भी नजर आई थीं। अब श्रेयसी सिंह पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए पदक लाने में सफल होती हैं या नहीं यह तो समय ही बताएगा। लेकिन करोड़ों देश वासियों को उन्हें पदक की उम्मीद है।



Tags:    

Similar News