कारगिल युद्ध, पत्नी को खत और क्रिकेटर बेटा...ध्रुव जुरेल की सफलता के पीछे छिपी है पिता की कुर्बानी
ध्रुव जुरेल के पिता नेम चंद जुरेल 1999 के कारगिल युद्ध में शामिल थे। युद्ध से पहले पत्नी को लिखे खत और बेटे के क्रिकेट करियर में उनके योगदान की कहानी जानिए।
Image Source - AI
Dhruv Jurel Father Story: न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने मुश्किल समय में बेहतरीन पारी खेली और शानदार 88 रन बनाए। इसी वजह से इस वक्त उनकी काफी ज्यादा चर्चा हो रही है। ध्रुव जुरेल आज भारत के एक सफल क्रिकेटर हैं लेकिन उनकी सफलता के पीछे एक ऐसी पारिवारिक कहानी है, जो किसी को भी भावुक कर सकती है। ध्रुव के पिता नेम चंद जुरेल भारतीय सेना में रह चुके हैं और उन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए मोर्चा संभाला था। युद्ध में जाने से पहले उन्होंने अपनी पत्नी को एक खत लिखा था, जिसमें परिवार के भविष्य को लेकर कई जरूरी बातें बताई थीं।
कारगिल युद्ध से पहले पत्नी को लिखा था खत
कारगिल युद्ध के समय ध्रुव जुरेल के पिता नेम चंद जुरेल भारतीय सेना में थे। वह 8वीं जाट रेजिमेंट का हिस्सा थे। दुश्मनों से मुकाबले के लिए मोर्चे पर जाने से पहले उन्हें परिवार की चिंता भी सता रही थी। ऐसे में उन्होंने अपनी पत्नी को एक खत लिखा।
इस खत में उन्होंने अपनी पूरी बचत और फिक्स्ड डिपॉजिट की जानकारी दी थी। साथ ही पत्नी को समझाया था कि अगर युद्ध के दौरान उनके साथ कोई अनहोनी हो जाए तो वह पैसों की व्यवस्था कैसे कर सकती हैं। नेम चंद ने अपनी पत्नी को यह सलाह भी दी थी कि पैसों का सही इस्तेमाल किया जाए। नेम चंद ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद उन्होंने पत्नी को अपनी बचत और एफडी के बारे में विस्तार से लिखा था, ताकि उनके नहीं लौटने की स्थिति में परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
2008 में सेना से हुए रिटायर
नेम चंद जुरेल ने कारगिल युद्ध में हिस्सा लिया था। युद्ध समाप्त होने के बाद उनकी रेजिमेंट की वापसी की यादें आज भी उनके जेहन में ताजा हैं। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस घोषित किया गया था और 27 जुलाई को उनकी 8वीं जाट रेजिमेंट पहाड़ों से नीचे लौटी थी।नेम चंद ने साल 2008 में सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। हालांकि, देश की सेवा और कारगिल युद्ध से जुड़ी यादें आज भी उनके जीवन का अहम हिस्सा हैं।
क्रिकेट के मैदान पर पिता को सैल्यूट करते हैं ध्रुव
नेम चंद ने एक सैनिक के रूप में देश की रक्षा की, जबकि उनका बेटा ध्रुव जुरेल क्रिकेट के मैदान पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा है। ध्रुव जब भी कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करते हैं तो अक्सर अपने पिता की तरफ देखकर उन्हें सैल्यूट करते हैं।
ध्रुव का यह अंदाज उनके पिता के सैन्य जीवन और देश के लिए किए गए त्याग के प्रति सम्मान जाहिर करता है। कारगिल युद्ध के दौरान ध्रुव का जन्म भी नहीं हुआ था। उस समय परिवार में उनकी बड़ी बहन मौजूद थीं और उनकी मां को हर दिन पति की सुरक्षित वापसी की चिंता रहती थी।
क्रिकेटर बनने के सपने में जुरेल को मिला पिता का पूरा साथ
नेम चंद बताते हैं कि ध्रुव बचपन में पढ़ाई में काफी अच्छे थे, लेकिन धीरे-धीरे क्रिकेट उनका जुनून बन गया। खेल के प्रति उनकी दिलचस्पी इतनी बढ़ी कि पढ़ाई पीछे छूटने लगी। पिता के मुताबिक, ध्रुव ने किसी तरह दसवीं की बोर्ड परीक्षा पास की थी।
हालांकि, बेटे के क्रिकेट के प्रति जुनून को देखते हुए नेम चंद ने कभी उसका रास्ता नहीं रोका। उन्होंने क्रिकेट के सामान से लेकर बल्ले और जूतों तक में किसी तरह का समझौता नहीं किया। नेम चंद का कहना है कि जब ध्रुव ने क्रिकेट को अपना लक्ष्य बनाया, तब उन्होंने उसे किसी भी जरूरी चीज की कमी महसूस नहीं होने दी। यही समर्थन ध्रुव के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में अहम साबित हुआ।
बेटे के डेब्यू पर मैच देखने नहीं पहुंचे थे पिता
ध्रुव जुरेल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका भी दिलचस्प रहा। ध्रुव ने अपने पिता को इस खास मौके पर बुलाया था, लेकिन नेम चंद मैच देखने नहीं पहुंचे। उस समय वह वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने गए हुए थे। नेम चंद ने बताया कि ध्रुव ने उन्हें बुलाया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया क्योंकि वह ठाकुर जी के भक्त हैं। अब बेटे की क्रिकेट उपलब्धियों के चलते नेम चंद अपनी पत्नी के साथ पहली बार विदेश यात्रा पर भी गए हैं। ध्रुव ने ही उन्हें अपने पास बुलाया था।
एक तरफ पिता ने कारगिल की पहाड़ियों में देश की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाली, तो दूसरी तरफ बेटे ने क्रिकेट के मैदान पर तिरंगे का मान बढ़ाने का रास्ता चुना। ध्रुव का हर सैल्यूट उस सैनिक पिता के संघर्ष, साहस और त्याग को सलाम करता है।