क्रिकेट के बाद अब सियासी पिच पर उतरेंगे मोहम्मद शमी! दिग्गज नेता से की मुलाकात, किस पार्टी का थामेंगे दामन?

टीम इंडिया से बाहर चल रहे दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के BJP में शामिल होने की चर्चाएं तेज हैं। नितिन नवीन से मुलाकात के बाद उनकी राजनीतिक एंट्री और यूपी चुनाव को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं।

Update:2026-11-29 15:39 IST

Mohammed Shami 

Mohammed Shami BJP: भारतीय टीम से बाहर चल रहे दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी क्रिकेट के मैदान से निकलकर सियासत की पिच पर उतर सकते हैं। खबरें ही कि शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुंलाकात की है और इसके बाद उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। अभी तक इसको लेकर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन नितिन नबीन से मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है।

टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी की अगर बात करें तो वह इस वक्त भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। वह आखिरी बार टीम इंडिया के लिए 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में कोई मैच खेले थे। इसके बाद से उनका टीम में सेलेक्शन नहीं हुआ है। लगातार नजरंदाज किए जाने के बाद उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। वहीं वनडे और टी20 में भी उनका चयन नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर हाल ही में शमी ने बड़ा बयान भी दिया था। उन्होंने कहा था कि वह इस वक्त डोमेस्टिक क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं और उसमें अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।

पहले भी हो चुकी है राजनीतिक एंट्री की चर्चा

मोहम्मद शमी के राजनीति में आने की चर्चाएं पहली बार नहीं उठी हैं। इससे पहले सितंबर 2026 में उनकी राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात हुई थी। जयंत चौधरी ने शमी के साथ तस्वीर भी साझा की थी। इसके बाद उनके राजनीति में आने और अमरोहा से चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हो गई थी। हालांकि, उस समय भी इस तरह की अटकलों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

2027 के यूपी चुनाव से पहले बढ़ सकती है अहमियत

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पश्चिमी यूपी से आने वाले मोहम्मद शमी की राजनीतिक एंट्री को अहम माना जा सकता है। शमी का जन्म अमरोहा में हुआ है और क्रिकेट के जरिए उन्होंने देशभर में अपनी पहचान बनाई है। उनकी लोकप्रियता और स्थानीय जुड़ाव उन्हें राजनीति में एक चर्चित चेहरा बना सकता है।

टीम इंडिया के लिए कर चुके हैं जबरदस्त प्रदर्शन

मोहम्मद शमी भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपनी स्विंग और रफ्तार से दुनिया के कई दिग्गज बल्लेबाजों को परेशान किया है। वर्ल्ड कप 2023 में उनका प्रदर्शन काफी जबरदस्त रहा था। उन्होंने टूर्नामेंट में 24 विकेट लेकर भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा भी वह कई मौकों पर टीम इंडिया के लिए मैच विनिंग स्पेल डाल चुके हैं लेकिन इस वक्त उनका चयन भारतीय टीम में नहीं हो रहा है। उनकी जगह युवा गेंदबाजों को ज्यादा तवज्जो दी जा रही है। अब नितिन नबीन से मुलाकात के बाद उनके बीजेपी ज्वॉइन करने के कयास लगाए जा रहे हैं।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मोहम्मद शमी वास्तव में क्रिकेट के बाद राजनीति की पिच पर उतरने जा रहे हैं या फिर यह महज मुलाकातों के बाद शुरू हुई अटकलें हैं। इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Tags:    

Similar News