3 कारण क्यों रोहित शर्मा को नहीं बनाना चाहिए था मुंबई इंडियंस का कप्तान? घातक साबित हो सकता है फैसला
रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस का दोबारा कप्तान बनाना कितना सही फैसला है? जानिए 3 बड़े कारण, क्यों फ्रेंचाइजी का यह फैसला घातक साबित हो सकता है।
Rohit Sharma MI Captain
Rohit Sharma MI Captain: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को एक बार फिर कप्तान बना दिया है। IPL 2027 से पहले रोहित शर्मा को फिर से MI की कमान सौंप दी गई है और वह अगले सीजन से कप्तानी करते नजर आएंगे। रोहित की कप्तानी में ही मुंबई ने पांच बार IPL की ट्रॉफी जीती थी। शायद उनके इसी अनुभव को देखते हुए उन्हें दोबारा टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कप्तान के तौर पर रोहित की वापसी से फैंस काफी खुश हैं लेकिन कुछ फैंस ऐसे हैं जो इस फैसले पर सवाल भी उठा रहे हैं। उनका मानना है कि रोहित को कप्तान नहीं बनाना चाहिए।
मुंबई इंडियंस के पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी देकर भविष्य के लिए तैयार किया जा सकता था। ऐसे में रोहित को दोबारा कप्तान बनाना फ्रेंचाइजी के लिए कितना सही फैसला है, यह चर्चा का विषय है। हम आपको वह तीन कारण बताते हैं कि क्यों रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस का कप्तान नहीं बनाना चाहिए था।
1.बढ़ती उम्र और भविष्य की कप्तानी की चुनौती
रोहित शर्मा 2027 में 39 साल के हो चुके हैं। ऐसे में मुंबई इंडियंस के सामने सबसे बड़ी चुनौती भविष्य के कप्तान को तैयार करने की होनी चाहिए थी। किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए लंबे समय तक एक मजबूत नेतृत्व बनाए रखना बेहद जरूरी होता है। रोहित के पास कप्तानी का लंबा अनुभव है, लेकिन बढ़ती उम्र को देखते हुए मुंबई को अगले तीन से चार साल की योजना पर काम करना चाहिए था। अगर फ्रेंचाइजी को भविष्य में किसी युवा खिलाड़ी को कप्तान बनाना है, तो उसे अभी से नेतृत्व की जिम्मेदारी देने का यह अच्छा अवसर हो सकता था। रोहित की जगह किसी युवा खिलाड़ी को कप्तान बनाकर मुंबई एक नए नेतृत्व की शुरुआत कर सकती थी। इससे टीम को भविष्य के लिए तैयार होने का पर्याप्त समय भी मिलता। रोहित अब ज्यादा समय तक कप्तानी नहीं कर सकते हैं, ऐसे में उनकी बजाय किसी युवा खिलाड़ी को मौका देना ज्यादा सही रहता।
2.फिटनेस और कप्तानी का दबाव
रोहित शर्मा भले ही काफी बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हों लेकिन बढ़ती उम्र का असर उनके ऊपर भी दिख रहा है। पिछले सीजन में कई बार वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे। आईपीएल में लगातार मुकाबले होते हैं और एक कप्तान के तौर पर आपको पूरे 40 ओवर्स तक एक्टिव रहना पड़ता है। इससे शरीर पर काफी असर पड़ता है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि रोहित शर्मा इस दबाव को झेल पाते हैं या नहीं। कप्तानी मिलने के बाद उनकी बल्लेबाजी पर भी असर पड़ सकता है। अगर उन्हें कप्तानी से अलग रखा जाता, तो वह अपना पूरा ध्यान बल्लेबाजी पर लगा सकते थे। इससे टीम को एक ऐसे रोहित का फायदा मिल सकता था, जो बिना कप्तानी के दबाव के मैदान पर खुलकर खेले। मुंबई के लिए यह विकल्प भी काफी फायदेमंद साबित हो सकता था।
3.युवा खिलाड़ियों के निखरने का मौका गंवाया
मुंबई इंडियंस के पास ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जिनमें भविष्य का कप्तान बनने की क्षमता है। तिलक वर्मा इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं।तिलक ने कम उम्र में ही अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया है और वह भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए खिलाड़ियों में शामिल हैं। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने का अनुभव रखते हैं। सूर्यकुमार यादव तो भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं और अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप का टाइटल भी जिता चुके हैं। ऐसे में वह भी कप्तानी के लिए एक शानदार विकल्प थे। इसके अलाव अगर फ्रेंचाइजी किसी युवा खिलाड़ी को कप्तानी सौंपती, तो उसे रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी के मार्गदर्शन में सीखने का मौका मिलता। इससे टीम में नेतृत्व की दूसरी पीढ़ी तैयार हो सकती थी।
क्या मुंबई इंडियंस ने भविष्य से ज्यादा वर्तमान को दी प्राथमिकता?
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार IPL ट्रॉफी जीती है। इसलिए उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाना सही नहीं होगा। लेकिन फ्रेंचाइजी के सामने चुनौती सिर्फ एक सीजन जीतने की नहीं, बल्कि आने वाले कई वर्षों तक खिताब की दावेदार बने रहने की भी है। ऐसे में रोहित को कप्तानी सौंपने की बजाय किसी नए खिलाड़ी को तैयार करना मुंबई के लिए दीर्घकालिक रणनीति हो सकती थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि रोहित अपनी कप्तानी में टीम को कितनी सफलता दिलाते हैं और क्या मुंबई का यह फैसला भविष्य में सही साबित होता है।