Aaj ka Mausam : आसमान साफ रहने से बढ़ेगी गर्मी, अगले दो दिन बाद बारिश होने का अनुमान

Aaj Ka Mausam 01 April 2024: उत्तर प्रदेश में अप्रैल माह के पहले सप्ताह में ही मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि बीते दो दिनों से तेज हवाओं के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-04-04 01:33 GMT

सांकेतिक तस्वीर (Photo - Social Media)

Aaj Ka Mausam 01 April 2024: उत्तर प्रदेश में अप्रैल माह के पहले सप्ताह में ही मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि बीते दो दिनों से तेज हवाओं के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है। आज गुरुवार (04 अप्रैल, 2024) को हवा धीमी पड़ेगी, जिससे गर्मी और उमस परेशान कर सकती है। आने वाले दिनों में अभी तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हालांकि इस समय ग्रामीण इलाकों कुछ राहत जरूर है, क्योंकि रात में तापमान में कमी के कारण हल्की ठंड महसूस होती है।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आस-पास के इलाके में हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गुरुवार को तापमान में 01 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। यह अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि आगे तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के हिस्सों में आसमान साफ रहेगा। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश के वाराणसी में सबसे अधिक 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किये जाने का अनुमान है। वहीं, बुलंदशहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो प्रदेश में सबसे कम है।

सावधानी बरतने की आवश्यकता

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक के मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी देते हुए बताया है कि 04, 05 और 06 अप्रैल को मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। तेज धूप और हवा की मंद गति होने के कारण उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। इसलिए दिन बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

बारिश के कारण गर्मी मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाली 07 और 08 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश और हवाओं के कारण एक-दो दिन गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।   

Tags:    

Similar News