भाजपा शासन में नकली-जहरीली शराब का कारोबार खूब पनपा: अखिलेश यादव

अखिलेश ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में सत्ता संरक्षित कालाबाजारी और मंहगाई से भाजपा राज में लोगों की जिंदगी नरक बन गई है।

Written By :  Shreedhar Agnihotri
Published By :  Dharmendra Singh
Update: 2021-05-13 18:36 GMT

एक प्रेस कांफ्रेस के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विगत चार वर्षो में भाजपा शासन में नकली-जहरीली शराब का कारोबार खूब पनपा है। इससे सैकड़ों की जान जा चुकी है। इन मौतों के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है। भाजपा सरकार शायद यह समझती है कि जनता को अपनी आंखो से जो सच दिख रहा है उस पर वह झूठ फरेब का पर्दा डाल देगी। मीडिया ऑक्सीजन की कालाबाजारी, दवाओं और इंजेक्शनो में भयंकर मुनाफाखोरी और अस्पतालों में लूट की सच्चाई रोज ही दिखा रहा है।

उन्होंने कहा इस पर रोक लगाने के सरकारी बयान सिर्फ बहकाने के लिए दिए जाते हैं। सच तो यह है कि शासन-प्रशासन की मिलीभगत से ही काले धंधे पनप रहे है। हर सांस की भाजपा राज में नीलामी हो रही है।
अखिलेश ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में सत्ता संरक्षित कालाबाजारी और मंहगाई से भाजपा राज में लोगों की जिंदगी नरक बन गई है। प्रदेश की बदहाली को झूठे आंकड़ों की बाजीगरी से छुपाया जा रहा है। मौतों का सच भी उसे नहीं दिख रहा है। उल्टे भाजपा नेतृत्व द्वारा सरकार को आगाह करने वाले विपक्षी नेताओं को बदनाम करने का अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा ने नैतिकता और लोकलाज सबको तिलांजलि दे दी है।
अखिलेश ने कहा कि जनता को त्रस्त करने के लिए ही सरकारी तौर पर डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए हैं, जीवनदायिनी ऑक्सीजन सिलेंडर पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाकर 50 रूपए महंगा कर दिया है। उन्होंने कहा कि गरीब, बेबस और मजबूर जनता से लूट की खुली छूट भाजपा सरकार ने दे रखी है। बाजार में खाद्य पदार्थों, फल सब्जियों के दाम अचानक बढ़ गए हैं। रोज की कमाई से पेट भरने वालों को नमक रोटी भी नसीब नहीं हो रही है। कितने दुःख और शोक की बात है कि सांसों के आपातकाल में भी शासन, प्रशासन और शराब माफिया का सिंडीकेट खुलेआम जहरीली शराब बिकवा रहा है।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रवक्ताओं का बस एक ही एजेंडा है कि समाजवादी पार्टी के सुझावों को दरकिनार कर कोरोना नियंत्रण करने की बजाय समाजवादी पार्टी के विरुद्ध अनाप शनाप आरोप लगाना जारी रखना है। लोकतंत्र में सत्तापक्ष से कम महत्व की भूमिका विपक्ष की नहीं होती है। सरकार की कमियों को इंगित करने पर विपक्ष के प्रति द्वेषपूर्ण व्यवहार एवं कुप्रचार करना अलोकतांत्रिक और अनैतिक है।


Tags:    

Similar News