Aligarh News: हर घर तिरंगा अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य रैली, देशभक्ति कार्यक्रमों की धूम

Aligarh News: अलीगढ़ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। तिरंगा कॉन्सर्ट और मेले से देशभक्ति का माहौल बनेगा।

Update:2026-08-07 15:18 IST

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलीगढ़ में इस बार राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिलेगा। जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के जरिए लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और कर्तव्यबोध का जनआंदोलन है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

स्कूल-कॉलेजों में होगी देशभक्ति की धूम

अभियान के तहत विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरंगा आधारित कला, रंगोली, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी सैनिकों और पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता जताते हुए ‘आभार पत्र’ भी लिखेंगे। वहीं शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। सरकारी भवनों, बाजारों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा प्रकाश सज्जा और सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों, खादी भंडारों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों और स्थानीय बाजारों के माध्यम से लोगों को तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा।

13 अगस्त को तिरंगा रैली और तिरंगा कॉन्सर्ट

अभियान का प्रमुख आकर्षण 13 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट और तिरंगा मेला रहेगा। देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुलिस एवं विद्यालय बैंड की राष्ट्रभक्ति धुनों से माहौल देशभक्ति के रंग में रंगेगा। इस दौरान शहीदों और पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा।

15 अगस्त को गांव से शहर तक लहराएगा तिरंगा

15 अगस्त को विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में ध्वजारोहण के साथ तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, पौधरोपण और मिष्ठान वितरण होगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, युद्ध में शहीद सैनिकों के परिवारों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा।

वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदर्शनी, व्याख्यान, परिचर्चा, वृत्तचित्र प्रदर्शन और राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज के माध्यम से युवाओं को देश के इतिहास से परिचित कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की फोटो और गतिविधियों का विवरण हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन और तिरंगा रैलियों के दौरान यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags:    

Similar News