Aligarh News: रोरावर वेलकम होटल में पुलिस छापा, देह व्यापार मामले में गिरफ्तार, नकदी-मोबाइल बरामद

Aligarh News: अलीगढ़ के रोरावर स्थित वेलकम होटल में पुलिस ने छापा मारकर देह व्यापार के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। नकदी, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

Update:2026-08-07 18:24 IST

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: थाना रोरावर क्षेत्र के वेलकम होटल में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम संजीव शर्मा के नेतृत्व में थाना रोरावर पुलिस टीम ने 7 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 10,620 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना रोरावर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम और थाना रोरावर पुलिस टीम ने वेलकम होटल में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार पुत्र सुरंजन सिंह निवासी हयातपुर हिंगोटिया थाना लोधा, अंकित पुत्र सत्यपाल सिंह निवासी हयातपुर हिंगोटिया थाना लोधा, फरमान पुत्र छोटेलाल निवासी सराय नवाब, रसलगंज थाना बन्नादेवी तथा जिशान पुत्र मोहम्मद चमन निवासी सराय नवाब, रसलगंज थाना बन्नादेवी, अलीगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रोरावर में मु0अ0सं0 366/26 के तहत धारा 3(1), 4(1), 5(1)d, 6(1)b और 7(2)(a) अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। कार्रवाई करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम संजीव शर्मा, प्रभारी निरीक्षक रवि चन्द्रवाल, उपनिरीक्षक शुभम कुमार, उपनिरीक्षक रितिक कुमार, कांस्टेबल वेद प्रकाश, कांस्टेबल हर्ष दुबर और महिला कांस्टेबल कोमल तालियान शामिल रहीं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद होटल और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई है।

Tags:    

Similar News