Aligarh News: बजरी के 'मौत के ट्रक' ने ली एक और जान, शिवाला पुल पर 20 मीटर घसीटा युवक
Aligarh News: खैर में बजरी भरे ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार युवक को 20 मीटर तक घसीटा, मौके पर दर्दनाक मौत; चालक फरार
Aligarh News
Aligarh News: खैर थाना क्षेत्र के शिवाला नहर पुल पर शनिवार को तेज रफ्तार और ओवरलोड बजरी से भरे ट्रक ने ऐसा कहर बरपाया कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।जानकारी के अनुसार, विशायतीगढ़ी निवासी मलखान पुत्र भगवान सिंह, अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी शनिदेव मंदिर के पास तेज रफ्तार बजरी से भरे एक ओवरलोड ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के नीचे फंस गया और करीब 20 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसा इतना भयावह था कि लखन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शीयो के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था और उसमें क्षमता से अधिक बजरी लदी हुई थी। टक्कर के बाद ट्रक के पहिए तक उखड़ गए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना खैर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रक को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है। कि क्षेत्र में ओवरलोड और तेज रफ्तार ट्रकों का संचालन लगातार हो रहा है, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई और दोषी चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।