Aligarh News: 400 करोड़ के कथित वित्तीय घोटाले में साइना फाइनेंशियल के संचालक जुनैद गिरफ्तार
Aligarh News: अलीगढ़ में करीब 400 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले के मामले में साइना फाइनेंशियल एडवाइजर के संचालक जुनैद को क्वार्सी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
Aligarh News
Aligarh News: अलीगढ़ में लगभग 400 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मैरिस रोड स्थित लैंडमार्क मॉल में संचालित साइना फाइनेंशियल एडवाइजर कंपनी के संचालक और मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे जुनैद को थाना क्वार्सी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कथित रूप से ठगी का शिकार हुए लोगों में न्याय की उम्मीद जगी है।
जानकारी के मुताबिक, साइना फाइनेंशियल एडवाइजर कंपनी के माध्यम से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के करीब 300 कर्मचारियों समेत शहर के अन्य लोगों से लगभग 400 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। मामले में थाना क्वार्सी में मुकदमा संख्या 650/2026 दर्ज है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी जुनैद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।जुनैद की गिरफ्तारी का समाजसेवी एवं अधिवक्ता शाहिद अली खान ने स्वागत किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि कथित फर्जीवाड़े से प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच बेहद जरूरी है।शाहिद अली खान के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अलीगढ़ के अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े सात मुकदमे दर्ज हैं। इहैं।
थाना सिविल लाइंस, क्वार्सी और रोरावर में दर्ज मामले शामिल बताए गए हैं। इन मामलों में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस कार्रवाई कर रही है।उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जाए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो कथित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, पीड़ित लोगों की रकम की बरामदगी और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से मामले में आगे की जांच का रास्ता साफ हुआ है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि जांच में कथित वित्तीय घोटाले की वास्तविक तस्वीर क्या सामने आती है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल पाए जाते हैं।