Aligarh News: अलीगढ़ में 152 लीटर अवैध शराब नष्ट, 24 मुकदमों का हुआ निस्तारण
Aligarh News: अलीगढ़ के जवां थाने में ऑपरेशन क्लीन के तहत न्यायालय के आदेश पर 24 मुकदमों में जब्त 152 लीटर अवैध देशी शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।
अलीगढ़ में 152 लीटर अवैध शराब नष्ट, 24 मुकदमों का हुआ निस्तारण (Photo- Newstrack)
Aligarh News: जनपद पुलिस के मालखानों में लंबे समय से जमा मुकदमों से संबंधित जब्त सामानों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत थाना जवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आबकारी अधिनियम से जुड़े 24 मुकदमों में जब्त की गई 152 लीटर अवैध देशी शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
अलीगढ़ पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में थानों के मालखानों में विभिन्न मुकदमों से संबंधित लंबे समय से रखे माल के निस्तारण के लिए ऑपरेशन क्लीन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना जवां में वर्ष 2022 से 2025 के बीच आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए 24 अभियोगों से संबंधित जब्त अवैध शराब के निस्तारण की कार्रवाई की गई।न्यायालय के आदेश के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत 152 लीटर अवैध देशी शराब के टेट्रा पैक का विनष्टीकरण कराया गया। कार्रवाई के दौरान शराब को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया, जिससे थाना मालखाने में लंबे समय से रखे इस माल का भी निस्तारण हो गया।
इनकी मौजूदगी में हुआ शराब का विनष्टीकरण
शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई के लिए गठित टीम में उप जिलाधिकारी कोल द्वारा नामित राजस्व निरीक्षक सुन्दरपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय सर्वम सिंह, आबकारी निरीक्षक विवेक सिंह चौहान, थाना जवां के थानाध्यक्ष धीरज कुमार तथा हेड मोहर्रिर गुड्डन सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने न्यायालय के आदेश और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पूरी कार्रवाई कराई। ऑपरेशन क्लीन के तहत की गई इस कार्रवाई से थाना मालखाने में लंबे समय से सुरक्षित रखे आबकारी अधिनियम से संबंधित जब्त माल का निस्तारण किया गया।
अलीगढ़ पुलिस अधिकारियों का कहना है। कि मालखानों में लंबित माल के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि जब्त सामानों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।