Aligarh News:- 50-50 हजार के दो इनामी लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक सप्ताह में 18 महिलाओं को बनाय
Aligarh News : अलीगढ़ में 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक सप्ताह में 18 महिलाओं से लूट की थी वारदात।
Aligarh Police Encounter News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में महिलाओं से लगातार कुण्डल और जेवरात लूटकर दहशत फैलाने वाले 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। थाना अतरौली, थाना हरदुआगंज, स्वॉट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान दोनों बदमाश पुलिस से घिरने पर फायरिंग करने लगे, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों की मौत हो गई। वहीं इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार मृत बदमाशों की पहचान रजा मोहम्मद उर्फ रजुआ उर्फ बीन्ना निवासी हापुड़/मेरठ और मोमीन पुत्र जान मोहम्मद निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है। दोनों पर पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एक सप्ताह में 18 महिलाओं से की थी लूट
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह खेतों में चारा काटने, घास लाने या काम करने जा रही महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी तमंचे के बल पर महिलाओं से कुण्डल, तोड़ियां और अन्य जेवरात लूटकर फरार हो जाते थे। इन बदमाशों ने हाल के दिनों में कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था, जिनमें प्रमुख हैं:
17 मई को थाना मडराक क्षेत्र के भकरौला गांव में 9 महिलाओं से तमंचा दिखाकर कुण्डल और जेवर लूटे।
21 मई को अतरौली के कल्याण नगर में महिला से कुण्डल लूट। छर्रा क्षेत्र के बाईकला गांव में महिला से कुण्डल लूट। गोधा क्षेत्र के मैमड़ी गांव में खेत पर काम कर रही महिला से लूट।
वहीं लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में भय का माहौल बन गया था।
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
एसएसपी नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर पुलिस टीमों ने अलीगढ़, बुलंदशहर और आसपास के जनपदों से सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और संदिग्धों की तस्वीरें जुटाईं। पुलिस ने बैरियर, नाकाबंदी और डिकॉय टीम लगाकर बदमाशों की तलाश तेज कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह खैर क्षेत्र में भी पुलिस द्वारा रोकने पर बदमाशों ने पुलिस वाहन में टक्कर मारकर फायरिंग की थी। इसके बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी किया गया। जिसके बाद दोपहर करीब 3 बजे अतरौली क्षेत्र में आरोपियों ने फिर एक महिला से कुण्डल लूट की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पहले से सक्रिय पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर हो गए।
मौके से बरामद हुआ सामान
वहीं पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से बरामद किया:एक लूटा गया कुण्डल, एक अवैध पिस्टल .32 बोर, एक अवैध तमंचा .315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस और काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल।
लंबा रहा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों बदमाशों पर हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के दर्जनों मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज थे। रजा मोहम्मद पर करीब 40 और मोमीन पर 27 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।