Aligarh News : अलीगढ़: 600 रुपये के विवाद में ऑटो चालक की हत्या, इलाके में सनसनी

Aligarh News: अलीगढ़ जनपद के बन्नादेवी थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां महज 600 रुपये के मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

Update:2026-05-26 10:26 IST

Aligarh Auto Driver Murder Case

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के बन्नादेवी थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां महज 600 रुपये के मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। यहां सारसौल चौकी के पीछे स्थित मोहल्ला मधूमिल में ऑटो चालक यामीन की आरोपियों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि, पड़ोस में रहने वाले मुनीस, अनीस और नफीस समेत उनके परिवार के लोगों ने यामीन और उसकी पत्नी सलमा पर हमला बोला था।

पुलिस को दी गई तहरीर और परिजनों के मुताबिक यामीन आरोपियों का ऑटो चलाता था। आरोपियों की मां को कई बार सवारी के रूप में ले जाने के बदले वह किराया मांग रहा था। जब पैसे नहीं मिले तो यामीन ने 600 रुपये किराये के रोक लिए इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। वहीं परिजनों का कहना है कि बीमार यामीन को उसकी पत्नी सलमा दवा दिलाने डॉक्टर के पास ले जा रही थी।

तभी रास्ते में आरोपियों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई सलमा को भी पीटा गया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल यामीन को परिजन आनन-फानन में बन्नादेवी थाने लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस के सामने ही उसने दम तोड़ दिया। बाद में जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए अलीगढ पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने बताया है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यहां इस दर्दनाक घटना से यामीन के परिवार में कोहराम मचा है और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया है।

Tags:    

Similar News