Aligarh News: ईद पर अलीगढ़ पुलिस अलर्ट, एसपी सिटी ने किया पैदल गश्त निरीक्षण
Aligarh News: अलीगढ़ में ईद पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए एसपी सिटी आदित्य बंसल ने शाहजमाल ईदगाह क्षेत्र में निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
ईद पर अलीगढ़ पुलिस अलर्ट, एसपी सिटी ने किया पैदल गश्त निरीक्षण (Photo- Newstrack)
Aligarh News: जनपद मे आगामी ईद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अलीगढ़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय नजर आ रहा है। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।सोमवार दिनांक 25 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने थाना देहलीगेट क्षेत्र का भ्रमण कर शाहजमाल ईदगाह के आसपास बनाए गए ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईद पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी सिटी आदित्य बंसल ने क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा मुख्य मार्गों का भी जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि ड्यूटी प्वाइंटों पर निर्धारित पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही त्योहार के दौरान आने-जाने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा दोनों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा किया गया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा क्षेत्र में पैदल गश्त भी की गई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक लिया और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया। पैदल गश्त के माध्यम से पुलिस की मौजूदगी का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया गया, जिससे लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और ईदगाह के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।अलीगढ़ पुलिस द्वारा ईद पर्व को लेकर व्यापक स्तर पर सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं, ताकि जनपद में कानून व्यवस्था बनी रहे और सभी लोग आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार का आनंद उठा सकें।