Aligarh News : अलीगढ़ पुलिस ने वाहन चोर गैंग का किया भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
Aligarh News : अलीगढ़ के लोधा थाना पुलिस ने वाहन चोरी कर पार्ट्स बेचने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Aligarh News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ जनपद के लोधा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां पुलिस टीम ने वाहन चोरी और उनके पार्ट्स काटकर बेचने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक अर्द्ध कटी हुई महिंद्रा बुलेरो पिकअप, दूसरी बुलेरो के अलग-अलग पार्ट्स तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
चोरी से संबंधित उपकरण बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजान पुत्र शहजाद निवासी तुर्कमान गेट गोविंदनगर, मुस्तकीम पुत्र जैनुद्दीन निवासी एडीए कॉलोनी शाहजमाल और शाहरुख पुत्र राशिद निवासी एडीए कॉलोनी शाहजमाल, थाना कोतवाली नगर अलीगढ़ के रूप में हुई है।इस बाबत पुलिस ने बताया है कि, आरोपियों के पास से गैस कटर, रबर पाइप, दो गैस सिलेंडर, हथौड़ा, पांच अलग-अलग साइज के रिंच-पाने, एक मूल आरसी कार्ड और प्रदूषण प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया है। वहीं इस बरामदगी के आधार पर थाना लोधा में मुकदमा संख्या 186/2026 धारा 317(2), 317(5), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कार लिया गया है।
पहले भी कई मामलों में शामिल रहे हैं आरोपी
वहीं इस मामले की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। खासतौर पर मुस्तकीम और शाहरुख के खिलाफ चोरी और चोरी के वाहनों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि फैजान का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
गिरोह की जड़ें खोदने में जुटी पुलिस
आपको बताते चलें कि यह कार्रवाई उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल नितिन कुमार, रविंद्र कुमार, हिमांशु सिंह और मोहित लोहिया की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई है। जिसके बाद अलीगढ पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ़्तारी भी जल्द ही सुनिश्चित की जाएगी। ताकि जनपद में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।