Aligarh News: सचिव ने राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय का निरीक्षण, कमियां दूर करने के निर्देश
Aligarh News: अलीगढ़ में उच्च शिक्षा सचिव अमृत त्रिपाठी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य और व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: अलीगढ़ में सोमवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय परिसर का उच्च शिक्षा सचिव अमृत त्रिपाठी ने विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी अविनाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यह निरीक्षण विश्वविद्यालय के संचालन शुरू होने से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, रजिस्ट्रार प्रबुद्ध सिंह और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। सचिव ने प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, शैक्षणिक ब्लॉक, छात्रावास, विद्युत उपकेंद्र, जल निकासी व्यवस्था, आंतरिक सड़कें और अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता, फिनिशिंग, फायर सेफ्टी, साफ-सफाई और साइनेज व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। कुलपति ने विश्वविद्यालय संचालन से जुड़ी कुछ आवश्यकताओं और शेष कमियों की जानकारी भी दी, जिस पर सचिव और जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उच्च शिक्षा सचिव अमृत त्रिपाठी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य समयबद्ध एवं मानकों के अनुरूप पूरे होने चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त की जाएं।
मुख्य अभियंता सीपी गुप्ता ने बताया कि यह विश्वविद्यालय लगभग 100.351 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। यह प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसमें प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, दो शैक्षणिक ब्लॉक, छात्र-छात्रा छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, कैफेटेरिया, जिम और पुलिस चौकी जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
परियोजना की संशोधित लागत 106.59 करोड़ रुपये है। इसकी भौतिक प्रगति 100 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 99.86 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। यहां 20 आधुनिक कक्षाएं बनाई गई हैं, जिनमें लगभग 1360 छात्रों के अध्ययन की व्यवस्था है। साथ ही प्रयोगशालाएं, सेमिनार हॉल और विभागीय पुस्तकालय भी पूरी तरह तैयार हैं। अंत में सचिव ने कहा कि यह विश्वविद्यालय अलीगढ़ मंडल और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक नया केंद्र बनेगा। उन्होंने शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द संचालन शुरू किया जा सके।