Aligarh News: पुलिस लाइन में सजी तीज की महफिल, मेहंदी से डांस तक दिखा महिलाओं का जलवा
Aligarh News: अलीगढ़ में शनिवार को हरियाली तीज का पर्व उत्साह, उमंग और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से मनाया गया। वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित समारोह में पुलिस परिवार की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
Aligarh News: पुलिस लाइन अलीगढ़ में शनिवार को हरियाली तीज का पर्व उत्साह, उमंग और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से मनाया गया। वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित समारोह में पुलिस परिवार की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में गीत-संगीत, मेहंदी, नृत्य और मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने ऐसा रंग जमाया कि पुलिस लाइन का माहौल पूरी तरह तीज के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में वामा सारथी पुलिस वेलफेयर परिक्षेत्र अध्यक्षा प्रियंका सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं वामा सारथी अध्यक्षा प्रतीक्षा जादौन के निर्देशन में कार्यक्रम को भव्य रूप दिया गया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सज-धजकर तीज उत्सव में हिस्सा लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समारोह में मिसेज तीज, मेहंदी, डांस और म्यूजिकल चेयर समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मिसेज तीज प्रतियोगिता में मीता सिंह ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी, जबकि पूनम द्वितीय और अंशु त्यागी तृतीय स्थान पर रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में निशा सिंह प्रथम, रिचा द्वितीय और शिखा शुक्ला तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी तरह डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। इसमें नंदिनी प्रथम, अंशु त्यागी द्वितीय और प्रीति रावत तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले के बाद डॉली चौधरी ने प्रथम, सुमन ने द्वितीय और डॉली सारस्वत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिताओं के साथ हंसी-मजाक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि हरियाली तीज समारोह का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें आपसी मेल-जोल, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन ने पुलिस परिवार में एकजुटता और खुशियों का माहौल बनाने का काम किया।