Aligarh News: अलीगढ़ में पृथ्वीराज चौहान बोर्ड विवाद: पुलिस की मौजूदगी में दोबारा पेंट, जांच तेज
Aligarh News: अलीगढ़ के खैर क्षेत्र में सम्राट पृथ्वीराज चौहान के बोर्ड पर काली पेंट करने की घटना के बाद पुलिस ने स्थिति संभालते हुए बोर्ड को दोबारा पेंट कराया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
Aligarh News
Aligarh News: अलीगढ़ जनपद के खैर कोतवाली क्षेत्र के सोफा नहर के समीप स्थित सोफा की नगरिया गांव के बाहर लगे चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान के बोर्ड पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा काली पेंट पोतने के मामले में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। पुलिस की मौजूदगी में बोर्ड को दोबारा पेंट कराकर उसकी पूर्व स्थिति बहाल कर दी गई है, जबकि घटना को अंजाम देने वाले लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।बताया जा रहा है कि बीते दिनों बोर्ड पर काली पेंट किए जाने की घटना सामने आने के बाद चौहान समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित हुए और खैर कोतवाली पहुंचकर नाराजगी जताई। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। गुरुवार को सोफा चौकी पुलिस की निगरानी में बोर्ड पर दोबारा पेंट कराया गया, जिससे बोर्ड फिर से अपनी मूल स्थिति में दिखाई देने लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों और समाज के सदस्यों ने राहत की सांस ली।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान सोनू चौहान ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई करते हुए समाज की भावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड को दोबारा सही कराए जाने से लोगों में संतोष है और गांव का माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है।
वहीं, खैर कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों और समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि घटना को अंजाम देने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महापुरुषों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास न कर सके।