Aligarh News: लू-प्रकोप को लेकर प्रशासन अलर्ट, दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें
Aligarh News: अलीगढ़ प्रशासन ने भीषण गर्मी और लू को लेकर एडवाइजरी जारी की, लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी।
लू-प्रकोप को लेकर प्रशासन अलर्ट, दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें (Photo- Newstrack)
Aligarh News:- जनपद मे लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच जिला प्रशासन ने लू-प्रकोप को लेकर आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं प्रभारी अधिकारी दैवीय आपदा प्रमोद कुमार ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि तेज गर्मी और गर्म हवाएं स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। ऐसे में सतर्कता और बचा लगने के लक्षण
लू-प्रकोप से बचाव
प्रशासन की ओर से जारी जनहित एडवाइजरी में बताया गया कि लू लगने की स्थिति में शरीर का तापमान असामान्य रूप से बढ़ सकता है। इसके साथ ही पसीना बंद होना, तेज सिरदर्द, उल्टी-दस्त, त्वचा का लाल और सूखा हो जाना, मांसपेशियों में ऐंठन और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति में ऐसे लक्षण दिखाई दें। तो उसे तुरंत छायादार और ठंडे स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया जाए और जरूरत पड़ने पर एम्बुलेंस सेवा 108 के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाए।
जिला प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। साथ ही दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के सूती व ढीले कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय टोपी, गमछा, छाता और धूप के चश्मे का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। यात्रा के दौरान अपने साथ पानी रखना जरूरी बताया गया है।
धूप में खड़े बंद वाहनों के अंदर न बैठें
प्राप्त जानकारी के अनुसार एडवाइजरी में घर में बने पेय पदार्थों जैसे लस्सी, नींबू पानी, छाछ और आम के पना को लाभकारी बताया गया है। जबकि अत्यधिक चाय, कॉफी और शराब जैसे पेय पदार्थों से दूरी बनाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और पालतू जानवरों की विशेष देखभाल करने को भी कहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि धूप में खड़े बंद वाहनों के अंदर बच्चों या पालतू जानवरों को किसी भी स्थिति में अकेला न छोड़ा जाए।
घर को ठंडा बनाए रखने के लिए पर्दों और उचित वेंटिलेशन का उपयोग करने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखने की अपील भी की गई है।
अपर जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि जनसहयोग और सावधानी ही लू-प्रकोप से बचाव का सबसे कारगर उपाय है। जिला प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।