Aligarh News: बना हादसों का हॉटस्पॉट, SSP की चेतावनी- हेलमेट पहनो, वरना अगला नंबर आपका हो सकता है
Aligarh News: अलीगढ़ में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर SSP ने लोगों को हेलमेट पहनने की चेतावनी दी और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
Aligarh News: उत्तर प्रदेश में सड़क हादसों के मामले में अलीगढ़ टॉप पर है। खुद अलीगढ एसएसपी नीरज जादौन ने माना कि पूरे यूपी में एक्सीडेंट और एक्सीडेंटल डेथ के आंकड़ों में अलीगढ़ नंबर वन है। यह खुलासा उन्होंने शुक्रवार को शहर में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा के दौरान किया। देशभक्ति के रंग में सराबोर तिरंगा यात्रा का नेतृत्व एसएसपी नीरज जादौन ने खुद किया। यात्रा अलीगढ़ पुलिस लाइन से शुरू हुई और शहर के सर्राफा, सेंटर पॉइंट, रामघाट रोड, क्वार्सी और महरौली होते हुए विभिन्न इलाकों से गुजरी। हाथों में तिरंगा और मुंह पर "भारत माता की जय" के नारों के साथ पुलिसकर्मी, स्कूली बच्चे और आम लोग इस यात्रा में शामिल हुए।
लेकिन जश्न के बीच एसएसपी नीरज कुमार जादौन का संदेश बेहद गंभीर था। तिरंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह रुककर एसएसपी ने लोगों से हेलमेट लगाने की अपील की। उन्होंने कहा, "हमें गर्व है। कि हम आजादी का जश्न मना रहे हैं, लेकिन सड़क पर एक गलती पूरे परिवार की खुशी छीन लेती है। अलीगढ़ में रोजाना हो रहे हादसे चिंता का विषय हैं। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट जरूर पहनें और चार पहिया वाले सीट बेल्ट का प्रयोग करें।"
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी हादसों की सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने युवाओं से खास तौर पर बाइक पर स्टंट न करने और बिना हेलमेट घर से न निकलने की अपील की। पुलिस ने यात्रा के दौरान लोगों को हेलमेट और ट्रैफिक नियमों के पंपलेट भी बांटे।
अलीगढ पुलिस का कहना है। कि आने वाले दिनों में बिना हेलमेट वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। तिरंगा यात्रा का मकसद सिर्फ देशभक्ति नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित रहने का संदेश देना भी था। अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन का साफ कहना है - "तिरंगा ऊंचा रहे और हम सब सुरक्षित रहें, यही असली आजादी है।"